Highlights
Kamran Akmal Angry on Pak: पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय संकट से गुजर रही है. बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सिरीज में पाकिस्तान को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा है. यह पिछले 11 सालों में बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तान की पहली वनडे सिरीज हार है. इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी पाकिस्तान का प्रदर्शन काफी खराब रहा था और टीम सुपर 8 में भी अपनी जगह नहीं बना पाई थी. इस करारी हार के बाद पूर्व क्रिकेटरों ने खिलाड़ियों, कोच और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की जमकर क्लास लगाई है.
कामरान अकमल ने नीदरलैंड का दिया उदाहरण
पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल ने टीम के प्रदर्शन पर गहरी चिंता जाहिर की है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट का स्तर इतना नीचे गिर चुका है कि अब नीदरलैंड जैसी टीम भी उनके खिलाफ सिरीज खेलना चाहेगी. नीदरलैंड यह सोचेगा कि अगर वे पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सिरीज जीत जाते हैं, तो उन्हें आसानी से टेस्ट खेलने का दर्जा मिल जाएगा. अकमल के अनुसार, मौजूदा प्रबंधन ने पूरी तरह से क्रिकेट का मजाक बना दिया है.
ICC ट्रॉफी चोरी करने वाले बयान पर बवाल
अकमल ने तीसरे मैच की रणनीति पर भी गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी थी, इसके बावजूद टीम ने पहले बल्लेबाजी करके रन क्यों नहीं बनाए. उन्होंने बोर्ड अध्यक्ष मोहसिन नकवी पर भी सीधा निशाना साधा. अकमल ने पूछा कि जब टीम खेलकर मैच नहीं जीत पा रही है, तो क्या वे आईसीसी ट्रॉफी चोरी करके लाएंगे. यह बात इसलिए कही गई क्योंकि नकवी पर पिछले साल भारत को एशिया कप की ट्रॉफी न सौंपने के कारण ‘ट्रॉफी चोर’ होने के आरोप लगे थे.
अहमद शहजाद ने एसोसिएट टीम बनने की दी चेतावनी
पूर्व बल्लेबाज अहमद शहजाद ने भी टीम की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि अगर यही हालात रहे तो पाकिस्तान जल्द ही एक एसोसिएट देश की टीम बन जाएगा. शहजाद ने बोर्ड पर आरोप लगाया कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 की करारी हार के बाद भी टीम में कोई सुधार नहीं किया गया. खराब नतीजों को छिपाने के लिए अचानक युवा खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने का झूठा बहाना बनाया जा रहा है.
जिम्बाब्वे की तरह हो गया पाकिस्तान का हाल
शहजाद ने मुख्य सेलेक्टर आकिब जावेद को भी आड़े हाथों लिया. आकिब ने पुरानी जीतों का हवाला देकर टीम का बचाव किया था. इस पर शहजाद ने कहा कि पाकिस्तान तभी जीतता है जब बड़ी टीमें अपनी कमजोर टीम मैदान पर उतारती हैं. उन्होंने कहा कि अब दुनिया भर की टीमें पाकिस्तान को जिम्बाब्वे के स्तर का मानती हैं. वर्ल्ड कप में रन रेट का बहाना बनाने वालों को शहजाद ने थोड़ी शर्म करने की सलाह दी.
पाकिस्तान का खराब प्रदर्शन
तीसरे मुकाबले में पाकिस्तान की रणनीति पूरी तरह फेल रही. टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का कप्तान का फैसला गलत साबित हुआ. बांग्लादेश ने तंजिद हसन तमीम के शानदार शतक की बदौलत बोर्ड पर 290 रन बनाए. अकमल ने बताया कि लिटन दास की धीमी पारी के कारण बांग्लादेश का स्कोर 350 रन तक नहीं पहुंच सका. लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 279 रन पर सिमट गई. मैच के आखिरी ओवर में DRS विवाद भी हुआ, लेकिन यह पाकिस्तान की कमियों को छिपा नहीं सका.
ये भी पढ़ें-
IPL 2026: चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा ओपनिंग मैच, कर्नाटक सरकार से मिली हरी झंडी
आखिरी ओवर का ड्रामा! रिव्यू के बाद पलटा मैच, फिर हुई पाकिस्तान की फजीहत
मेहनत का फल मिलता है, संजू के प्रदर्शन से गदगद हुए राहुल द्रविड़
