Highlights
Ishan Kishan Hardik Pandya Video: नई दिल्ली में खेला गया टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) का ग्रुप ए मैच भारत के नाम रहा. गुरुवार को हुए इस मुकाबले में भारत ने नामीबिया (IND vs NAM) को 93 रन से हरा दिया. इस जीत के हीरो हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) रहे, जिन्होंने पहले बल्ला और फिर गेंद से कमाल दिखाया. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. वहीं, ईशान किशन (Ishan Kishan) ने भी दमदार बैटिंग की, लेकिन वो अवार्ड पाने से चूक गए. मैच के बाद ईशान ने हार्दिक से मजाक में कहा कि तुमने मेरा अवार्ड ले लिया.
हार्दिक पांड्या का डबल धमाका
हार्दिक पांड्या ने इस मैच में अपने ऑलराउंड खेल से सबका दिल जीत लिया. उन्होंने बैटिंग करते हुए सिर्फ 28 गेंदों में 52 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 4 चौके और 4 छक्के निकले. सिर्फ बैटिंग ही नहीं, बॉलिंग में भी हार्दिक ने नामीबिया की नाक में दम कर दिया. उन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में 21 रन देकर 2 विकेट चटकाए. हार्दिक के इस शानदार प्रदर्शन की वजह से भारत को एक बड़ी जीत मिली.
ईशान के बल्ले से निकली दमदार पारी
हार्दिक के अलावा ईशान किशन ने भी मैच में हंगामा मचा दिया. बाएं हाथ के इस बैट्समैन ने सिर्फ 24 गेंदों में 61 रन की तूफानी पारी खेली. उनका स्ट्राइक रेट 250 से भी ज्यादा रहा. अपनी इस पारी में ईशान ने 6 चौके और 5 छक्के लगाए. मैच के पहले हिस्से तक ऐसा लग रहा था कि ईशान का प्रदर्शन हार्दिक से बड़ा है, लेकिन बॉलिंग में 2 विकेट लेकर हार्दिक बाजी मार गए और मैन ऑफ द मैच बन गए.
ईशान का हार्दिक पर फनी कमेंट
मैच के बाद BCCI ने एक वीडियो शेयर किया जिसमें दोनों खिलाड़ी बात करते दिखे. ईशान किशन ने हार्दिक पांड्या को गले लगाया और उनकी वापसी की तारीफ की. साथ ही, ईशान ने हंसते हुए कहा, मैं तुम्हारे लिए बहुत खुश हूं. तुमने मेरा मैन ऑफ द मैच अवार्ड छीन लिया. ये सुनकर दोनों खिलाड़ी जोर से हंसने लगे. फैंस को इन दोनों का ये याराना खूब पसंद आ रहा है.
मुश्किल वक्त में हार्दिक ने दी थी सलाह
वीडियो में ईशान ने ये भी बताया कि कैसे हार्दिक ने उन्हें मुश्किल समय में मोटिवेट किया. ईशान ने कहा कि मैं आमतौर पर चुप रहने वाला इंसान नहीं हूं. लेकिन हार्दिक ने मुझे समझाया था कि लोगों की बातों पर ध्यान मत दो और नेगेटिव मत सोचो. तुम्हारे हाथ में सिर्फ अच्छा खेलना है. ईशान ने अपनी कामयाबी का क्रेडिट हार्दिक की इस सलाह को दिया. उन्होंने कहा कि वही करते रहना चाहिए जो आपके कंट्रोल में हो.
ये भी पढ़ें-
ऑस्ट्रेलिया पर AI भविष्यवाणी हुई एकदम सच, क्या पाकिस्तान से हारने वाला है भारत?
