Orla Prendergast: डब्लिन के कैसल एवेन्यू मैदान पर महिला क्रिकेट में एक बड़ा उलटफेर और ऐतिहासिक पल देखने को मिला. आयरलैंड महिला टीम ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहली बार वेस्टइंडीज को हराकर इतिहास रच दिया. त्रिकोणीय सीरीज के मुकाबले में आयरलैंड ने डकवर्थ-लुईस नियम के तहत 1 रन से रोमांचक जीत दर्ज की. इस यादगार जीत की सबसे बड़ी नायिका कप्तान ओरला प्रेंडरगास्ट रहीं. अपने 24वें जन्मदिन पर उन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई.
वेस्टइंडीज की टीम लड़खड़ाई
वेस्टइंडीज की कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन आयरलैंड के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा. तेज गेंदबाज एवा कैनिंग ने पावरप्ले में दो अहम विकेट लेकर कैरेबियाई टीम के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया. इसके बाद जनीलिया ग्लासगो ने 36 रन की उपयोगी पारी खेलकर पारी को संभालने की कोशिश की. हालांकि, नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण वेस्टइंडीज 20 ओवर में 141 रन ही बना सकी। आयरलैंड के लिए एवा कैनिंग और कप्तान ओरला प्रेंडरगास्ट ने दो-दो विकेट हासिल किए.
आयरलैंड की खराब शुरुआत के बाद ओरला प्रेंडरगास्ट की तूफानी पारी
142 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही. वेस्टइंडीज की शॉनिशा हेक्टर ने पहले ही ओवर में दोनों ओपनर्स को पवेलियन भेजकर आयरलैंड को बैकफुट पर धकेल दिया.एक समय आयरलैंड का स्कोर 65 रन पर 5 विकेट था और टीम मुश्किल में दिखाई दे रही थी. ऐसे में कप्तान ओरला प्रेंडरगास्ट ने जिम्मेदारी संभाली. उन्होंने संयम और आक्रामकता का शानदार मिश्रण दिखाते हुए नाबाद 71 रन की बेहतरीन पारी खेली और टीम को मुकाबले में बनाए रखा.
आखिरी गेंद पर बदला मैच का नतीजा
मुकाबले का सबसे रोमांचक पल तब आया जब बारिश ने खेल में दखल दिया. 14 ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर 95/5 था और टीम DLS पार स्कोर से 3 रन पीछे चल रही थी. तभी बारिश शुरू हो गई, लेकिन अंपायरों ने खेल रोकने से पहले एक और गेंद फेंकने की अनुमति दी. 15वें ओवर की पहली ही गेंद पर लुईस लिटिल के बल्ले का बाहरी किनारा लगा और गेंद थर्ड मैन बाउंड्री के पार चली गई. इस चौके के साथ आयरलैंड का स्कोर 99 रन पहुंच गया और टीम DLS पार स्कोर से 1 रन आगे निकल गई.
बारिश के कारण आयरलैंड को मिली जीत
इसके तुरंत बाद तेज बारिश के कारण खेल रोक दिया गया. बारिश नहीं थमने पर मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका और DLS नियम के तहत आयरलैंड को 1 रन से विजेता घोषित कर दिया गया. इस ऐतिहासिक जीत के साथ आयरलैंड ने न सिर्फ वेस्टइंडीज के खिलाफ अपनी पहली टी20 अंतरराष्ट्रीय जीत दर्ज की, बल्कि त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को भी मजबूत कर लिया.
अरकम अब्दुल मन्नान
यह भी पढ़ें: IPL 2026 का ट्रॉफी जीतते ही वृंदावन पहुंचे विराट-अनुष्का, प्रेमानंद महाराज का लिया आशीर्वाद
