मुंबई-लखनऊ बाहर! जानिए प्लेऑफ की रेस में किस टीम के पास कितने % चांस

IPL 2026 Playoff: आईपीएल 2026 का 60वां मुकाबला केकेआर और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा. इस मैच के खत्म होने के बाद IPL 2026 के प्लेऑफ के लिए पहली टीम मिल जाएगी.

Playoff: ईडन गार्डन्स में खेला जाने वाला आज यानी 16 मई 2026 का मुकाबला केकेआर और गुजरात दोनों के लिए काफी अहम है. वहीं, शुक्रवार को लखनऊ से हारने के बाद चेन्नई का प्लेऑफ में जाने का चांस लगभग खत्म हो गया है. हालांकि, मौजूदा रन रेट को देखें तो गुजरात और आरसीबी का प्लेऑफ में जाना लगभग तय है. तो चलिए आपको बताते हैं कि किस टीम के प्लेऑफ में जाने के कितने प्रतिशत चांस हैं.

लीग स्टेज का काउंटडाउन शुरू

IPL 2026 के प्लेऑफ का रोमांच 26 मई से शुरू होने जा रहा है. लीग स्टेज के कुल 70 मैचों में से 59 मुकाबले खेले जा चुके हैं और अब सिर्फ 11 मैच बाकी हैं. इस समय राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स ने 11-11 मैच खेले हैं, जबकि बाकी सभी 8 टीमों के 12-12 मैच पूरे हो चुके हैं. बता दें कि हर टीम को लीग स्टेज में कुल 14-14 मैच खेलने होते हैं.

IPL 2026 प्लेऑफ का समीकरण

गुजरात टाइटंस (GT): गुजरात का टॉप-4 से बाहर होना अब नामुमकिन सा लग रहा है. 99% संभावना के साथ उनका प्लेऑफ का टिकट पक्का है. हालांकि, फाइनल के दो मौके पाने के लिए उन्हें अपने अगले दोनों मैच जीतने होंगे. फिलहाल उनके टॉप-2 में रहने का चांस 90.2% है.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB): बेंगलुरु की कहानी भी बिल्कुल गुजरात जैसी ही है. 99% चांस के साथ RCB भी प्लेऑफ में कदम रख चुकी है। टॉप-2 की रेस में वह गुजरात को कड़ी टक्कर दे रही है और उनके टॉप-2 में रहने की संभावना 83.4% बनी हुई है.

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH): हैदराबाद इस समय बेहद मजबूत स्थिति में है. अभी उनके प्लेऑफ में जाने का चांस 82.8% और टॉप-2 का चांस 38.9% है. टीम के पास 2 मैच बचे हैं, अगर वे दोनों बचे मैच जीतते हैं तो 18 अंकों तक पहुंच जाएंगे और सिर्फ एक जीत भी उनके प्लेऑफ के चांस को 99% कर देगी।

राजस्थान रॉयल्स (RR): चेन्नई सुपर किंग्स की हार राजस्थान के लिए वरदान साबित हुई है. इस हार के बाद RR के टॉप-4 में पहुंचने की संभावना बढ़कर 60.4% हो गई है, जबकि टॉप-2 में फिनिश करने का चांस 19.9% है.

पंजाब किंग्स (PBKS): पंजाब की किस्मत अभी बीच अधर में लटकी है. उनके प्लेऑफ में जाने का चांस 50.3% है. वहीं, टॉप-2 में जगह बनाने की उम्मीद बेहद कम (9.8%) बची है.

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK): CSK फैंस के लिए बुरी खबर है. लगातार खराब समीकरणों के कारण चेन्नई का टॉप-4 में जाने का चांस घटकर सिर्फ 17% रह गया है. वहीं, टॉप-2 में पहुंचने की उम्मीद तो लगभग खत्म (सिर्फ 8%) होने की कगार पर है.

दिल्ली कैपिटल्स (DC): दिल्ली के लिए अब रास्ता कठिन हो गया है. टीम के प्लेऑफ में जाने के चांस सिर्फ 6.1% बचे हैं. इसके साथ ही दिल्ली अब आधिकारिक रूप से टॉप-2 की रेस से पूरी तरह बाहर हो चुकी है.

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR): कोलकाता की कहानी भी दिल्ली जैसी ही है. KKR के टॉप-4 में पहुंचने की संभावना अब महज 5.1% रह गई है. दिल्ली की तरह कोलकाता के लिए भी अब टॉप-2 में जगह बनाने के सारे रास्ते बंद हो चुके हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ritu Raj

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >