IPL 2024: एमएस धोनी की सीएसके से विराट कोहली को मिलेगी कड़ी टक्कर, हरभजन सिंह ने दी खास सलाह

IPL 2024: टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर हरभजन सिंह का मानना है कि विराट कोहली को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में कड़ी चुनौती मिलेगी. कोहली अब तक अवकाश पर हैं और वह इंग्लैंड के खिलाफ पूरे टेस्ट सीरीज से चूक गए हैं.

IPL 2024: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2024) में विराट कोहली (Virat Kohli) ने काफी रन जुटाए हैं, लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के इस बल्लेबाज के लिए यहां के एमए चिदंबरम स्टेडियम की चुनौती से पार पाना अभी बाकी है. इस पर भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर का सामना जब इस साल आईपीएल के शुरुआती मैच में 22 मार्च को गत चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स से होगा तो कोहली के लिए बेहतर बल्लेबाजी प्रयास करना निहायती जरूरी होगा. कोहली ने 237 आईपीएल मैच में सात शतकों के साथ 7263 रन बनाए हैं जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 130 रहा है. लेकिन चेपक में उनका औसत सिर्फ 30 है और स्ट्राइक रेट 111 का है.

IPL 2024: रवींद्र जडेजा को खेलना है मुश्किल

हरभजन सिंह ने कहा, ‘विराट कोहली के पूरे प्रदर्शन को देखें तो इस स्टेडियम में उनकी महानता कम हो गयी है. बल्लेबाजी के लिए यह स्टेडियम थोड़ा मुश्किल है, विशेषकर बतौर सलामी बल्लेबाज क्योंकि यहां अजीब तरह का उछाल होता है.’ उन्होंने ‘स्टार स्पोर्ट्स’ से विशेष बातचीत में कहा, ‘चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पास रवींद्र जडेजा के रूप में शानदार गेंदबाज है जो स्टंप टू स्टंप गेंदबाजी करता है. वह गेंद को टर्न करायेगा और इसे नीची रखेगा. यह वास्तव में मुश्किल है.’

IPL 2024: कोहली पिछले 5 पारियों में 3 बार पावर प्ले में आउट हुए

विराट कोहली सीएसके के खिलाफ पिछली पांच पारियों में तीन बार पावरप्ले में आउट हुए हैं और हरभजन ने कहा कि इस स्टार बल्लेबाज को लंबे समय तक बल्लेबाजी करने का तरीका ढूंढ़ना होगा. उन्होंने कहा, ‘अगर वह करीब 20 ओवर तक बल्लेबाजी के लिए तैयार है तो वह मैच विजयी प्रदर्शन कर सकता है.’ कोहली अभी तक चेपक पर आईपीएल शतक नहीं जड़ सके हैं. सीएसके के पूर्व खिलाड़ी हरभजन ने कहा, ‘उनके लिए 2016 जैसा सत्र होना महत्वपूर्ण है क्योंकि अगर विराट रन बनाते हैं तो टीम आगे बढ़ेगी। नहीं पता कि वे कप जीतेंगे या नहीं.’

IPL 2024: 2016 में कोहली ने बनाए थे चार शतक

उन्होंने कहा, ‘लेकिन उनकी टीम में शानदार खिलाड़ी मौजूद हैं जिसमें विराट के अलावा, ग्लेन मैक्सवेल, कैमरन ग्रीन और रजत पाटीदार शामिल हैं. मेरा मानना है कि उनकी बल्लेबाजी काफी अच्छी है और हर कोई विराट से 2016 जैसा प्रदर्शन चाहता है.’ कोहली ने 2016 में 16 मैच में 973 रन बनाये थे जिसमें चार शतक और सात अर्धशतक शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >