India Tour to Sri Lanka: भारतीय क्रिकेट टीम इस साल अगस्त में श्रीलंका दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेल सकती है. रिपोर्ट के मुताबिक, शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम 15 से 19 अगस्त के बीच गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में पहला टेस्ट खेलेगी. यह सीरीज मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) चक्र का हिस्सा होगी.
9 साल बाद श्रीलंका में खेलेगी टेस्ट सीरीज
भारत का यह दौरा कई मायनों में खास रहने वाला है, क्योंकि टीम इंडिया करीब नौ साल बाद श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेलने उतरेगी. इससे पहले 2017 में विराट कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम ने श्रीलंका को उसकी सरजमीं पर टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप किया था.
हालांकि श्रीलंका क्रिकेट (SLC) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अभी तक आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार पहले टेस्ट की मेजबानी गॉल करेगा. दूसरे टेस्ट की शुरुआत 23 अगस्त से होने की संभावना है. इसके आयोजन स्थल की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कोलंबो के ऐतिहासिक सिन्हलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) ग्राउंड को इसकी मेजबानी मिलने की उम्मीद है.
टेस्ट के साथ टी20 सीरीज की भी तैयारी
दो टेस्ट मैचों के अलावा भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज भी खेली जा सकती है. इस संभावना की चर्चा पहले भी सामने आ चुकी है और हाल ही में BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने भी इसकी पुष्टि के संकेत दिए थे. सैकिया ने कहा था, “तीन मैचों के लिए अनुरोध आया है और हम जल्द ही कार्यक्रम को अंतिम रूप देंगे.”
श्रीलंका प्रीमियर लीग के बाद होगा टेस्ट सीरीज का आयोजन
श्रीलंका प्रीमियर लीग (LPL) का समापन 9 अगस्त को होना है. ऐसे में टी20 सीरीज को टेस्ट मुकाबलों के बाद आयोजित करना ज्यादा व्यावहारिक माना जा रहा है. श्रीलंका क्रिकेट फिलहाल दौरे के अंतिम कार्यक्रम और संभावित टी20 सीरीज को लेकर तैयारियों में जुटा हुआ है. यदि कार्यक्रम तय योजना के अनुसार आगे बढ़ता है तो भारतीय टीम अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलती नजर आ सकती है.
यह भी पढ़ें: धोनी की मौजूदगी में झारखंड टी20 लीग का आगाज, रांची टाइटंस ने जीत के साथ की शुरुआत
