Womens T20 World Cup: आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 का फोटोशूट रविवार को लंदन के मशहूर वॉटरलू ब्रिज पर हुआ. टूर्नामेंट शुरू होने से पहले आयोजित ‘कप्तानों के कार्निवल’ में सभी 12 टीमों की कप्तान एक साथ नजर आईं. टेम्स नदी के ऊपर हुए इस खास कार्यक्रम ने दुनियाभर में महिला क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता को दिखाया गया.
12 जून से महिला टी20 वर्ल्ड कप का आगाज
12 जून से इंग्लैंड और वेल्स में शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट को लेकर क्रिकेट फैंस के बीच काफी उत्साह है. उद्घाटन समारोह में सभी टीमों की कप्तानों ने हिस्सा लिया और विश्व कप के लिए अपनी तैयारियों का संदेश दिया.
जय शाह ने बताया ऐतिहासिक अवसर
आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने इस आयोजन को महिला क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक पल बताया. उन्होंने कहा कि यह महिला टी20 विश्व कप की शुरुआत करने का बेहतरीन तरीका है और यह टूर्नामेंट अब तक का सबसे बड़ा और रोमांचक महिला क्रिकेट आयोजन बनने जा रहा है. जय शाह ने कहा, “यह महिला क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक क्षण है. हमें उम्मीद है कि यह टूर्नामेंट नए रिकॉर्ड बनाएगा और दुनिया भर के करोड़ों फैंस को महिला क्रिकेट से जोड़ेगा.”
सभी 12 टीमों को दी शुभकामनाएं
जय शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सभी 12 कप्तानों के साथ अपनी तस्वीर साझा की और सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि यह महिला क्रिकेट के इतिहास का सबसे बड़ा आईसीसी टूर्नामेंट बनने जा रहा है. उन्होंने यह भी बताया कि इंग्लैंड और वेल्स के विभिन्न मैदानों में रिकॉर्ड संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है. साथ ही इस टूर्नामेंट का प्रसारण भी दुनिया के सबसे बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचेगा.
12 टीमें लेगी हिस्सा
महिला टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स में होगी. इस बार 12 टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी. टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही करीब 2 लाख टिकट बिक चुके हैं, जो महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में एक नया रिकॉर्ड है. आईसीसी को उम्मीद है कि टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों की संख्या और प्रसारण से जुड़े कई नए रिकॉर्ड भी बनेंगे.
यह भी पढ़ें: झारखंड T20 लीग में निरहुआ की एंट्री, VIDEO जारी कर फैंस से की खास अपील
