T20 World Cup 2026: भारत से भिड़ने से डरा पाकिस्तान? हरभजन सिंह ने खोली पोल

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच खेलने से मना कर दिया है. हरभजन सिंह ने इसे महज दिखावा और ड्रामा करार दिया. भज्जी ने कहा कि पाकिस्तान सिर्फ बांग्लादेश के साथ खड़े होने का नाटक कर रहा है. आईसीसी ने भी इस पर सख्त नाराजगी जताई है.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के शुरू होने से पहले ही क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है. पाकिस्तान ने 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले बड़े मुकाबले का बहिष्कार करने का फैसला किया है. हालांकि, पाकिस्तान सरकार ने इसके पीछे कोई ठोस वजह नहीं बताई है, लेकिन पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) ने इसे महज एक ‘ड्रामा’ करार दिया है. हरभजन का मानना है कि पाकिस्तान खुद को बांग्लादेश का साथी दिखाने के लिए ये सब कर रहा है, जबकि असल में इसके पीछे कोई तर्क नहीं है. ICC ने भी इस पर सख्त रुख अपनाते हुए साफ किया है कि इस तरह के बर्ताव से क्रिकेट का भारी नुकसान होगा. 

हरभजन सिंह का तीखा हमला

हरभजन सिंह ने अपने यूट्यूब चैनल पर पाकिस्तान को खूब खरी-खोटी सुनाई है. उन्होंने कहा कि ‘बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना’ वाली कहावत यहां बिल्कुल फिट बैठती है. उनका सवाल है कि जब मैच श्रीलंका के कोलंबो में होना है, जो कि एक न्यूट्रल वेन्यू है, तो फिर खेलने में क्या दिक्कत है? भज्जी ने याद दिलाया कि पिछले साल एशिया कप के वक्त भी तनाव था, लेकिन तब पैसों के लालच में पाकिस्तान ने भारत के साथ मैच खेले थे. उन्होंने पूछा कि तब देश भक्ति कहां गई थी?

बांग्लादेश वाला मामला और दिखावा

असल में ये पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब बांग्लादेश ने भारत में खेलने से मना कर दिया और ICC ने उनकी जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया. पाकिस्तान अब दिखावा कर रहा है कि वो बांग्लादेश के साथ खड़ा है. हरभजन ने इस पर तंज कसते हुए कहा कि यह सिर्फ लोगों को गुमराह करने की कोशिश है. उन्होंने सवाल किया कि क्या पाकिस्तान ने अपने उन फैंस के बारे में सोचा जो भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं?

ICC ने जताई सख्त नाराजगी

पाकिस्तान के इस फैसले पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने भी कड़ा रुख अपनाया है. ICC ने एक बयान जारी कर कहा है कि किसी भी बड़े टूर्नामेंट में अपनी मर्जी से मैच चुनना गलत है. ICC ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को चेतावनी दी है कि इसका बुरा असर उनके देश के क्रिकेट पर पड़ सकता है. ICC ने उम्मीद जताई है कि PCB कोई बीच का रास्ता निकालेगा, क्योंकि ऐसे फैसलों से खेल की भावना खत्म होती है.

मैदान पर भारत का पलड़ा भारी

अगर आंकड़ों की बात करें तो T20 वर्ल्ड कप में भारत का दबदबा रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक 8 मुकाबले हुए हैं, जिसमें से भारत ने 7-1 की बढ़त बना रखी है. पिछले साल एशिया कप में भी अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा जैसे युवा खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की थी. तिलक ने फाइनल में 69 रनों की शानदार पारी खेलकर पाकिस्तान से मैच छीन लिया था. ऐसे में पाकिस्तान के पीछे हटने को कई लोग हार के डर से भी जोड़कर देख रहे हैं.

टूर्नामेंट पर संकट के बादल

डिफेंडिंग चैंपियन भारत इस वक्त जबरदस्त फॉर्म में है और हाल ही में न्यूजीलैंड को 4-1 से हराया है. दूसरी तरफ, बांग्लादेश के बाहर होने के बाद स्कॉटलैंड की एंट्री हो चुकी है. पाकिस्तान ग्रुप ए में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड और अमेरिका के साथ है. अगर पाकिस्तान वाकई मैच नहीं खेलता है, तो ICC उन पर भारी जुर्माना या बैन भी लगा सकता है. अब देखना यह होगा कि क्या पाकिस्तान अपनी जिद पर अड़ा रहता है या दबाव में झुककर मैदान पर उतरता है.

ये भी पढ़ें-

T20 World Cup 2026: वॉर्म-अप मैचों का शेड्यूल जारी, जानें कब और कहां भिड़ेंगी टीमें

ICC Rankings: वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया का जलवा बरकरार, पाकिस्तान की जीत भी नहीं बिगाड़ पाई खेल

हम उनके साथ हैं, पाकिस्तान के ड्रामें के बीच ICC को मिला BCCI का साथ, राजीव शुक्ला का बड़ा बयान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >