England vs India: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने अगले साल जून में भारत के इंग्लैंड दौरे का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने भी गुरुवार को घोषणा की कि भारत अगले साल सीमित ओवरों की सीरीज के लिए इंग्लैंड का दौरा करेगा जिसमें पांच टी20 इंटरनेशनल और तीन वनडे इंटरनेशनल मैच शामिल हैं. भारत का दौरा एक जुलाई को डरहम में टी-20 मैच से शुरू होगा, जिसके बाद मैनचेस्टर (04 जुलाई), नॉटिंघम (07 जुलाई), ब्रिस्टल (09 जुलाई) और साउथम्प्टन (11 जुलाई) में मैच खेले जाएंगे. दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 14 जुलाई से बर्मिंघम में शुरू होगी. Team India to tour England again next year BCCI released full schedule
महिला टीम भी करेगी इंग्लैंड का दौरा
वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 16 जुलाई को कार्डिफ में और तीसरा मुकाबला 19 जुलाई को लॉर्ड्स में मैच खेला जाएगा. भारतीय महिला टीम भी अगले साल फिर से इंग्लैंड का दौरा करेगी. वह इंग्लैंड की महिला टीम के खिलाफ तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज और एक टेस्ट मैच खेलेगी. टी20 सीरीज 28 मई को चेम्सफोर्ड में शुरू होगी. उसके बाद 30 मई को ब्रिस्टल और दो जून को टॉन्टन में दो और मैच खेले जाएंगे. एकमात्र टेस्ट मैच 10 जुलाई से लॉर्ड्स में खेला जाएगा.
एंडसरन-तेंदुलकर सीरीज में दम दिखा रही है टीम इंडिया
बेन स्टोक्स की अगुवाई वाली इंग्लैंड की पुरुष टेस्ट टीम दो टेस्ट श्रृंखलाओं में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान की मेजबानी भी करेगी, जबकि हैरी ब्रुक की सीमित ओवरों की टीम वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत के अलावा श्रीलंका की मेजबानी करेगी. भारतीय पुरुष टीम अभी टेस्ट सीरीज खेलने के लिए इंग्लैंड में है जबकि भारतीय महिला टीम ने सीमित ओवरों का इंग्लैंड दौरा हाल में समाप्त किया था. टीम इंडिया पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-2 से पीछे है. चौथा टेस्ट मैनचेस्टर में खेला जा रहा है. भारत टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी कर रहा है.
| मैच | तारीख | स्थान |
| पहला टी20 | 01 जुलाई 2026 | डरहम |
| दूसरा टी20 | 04 जुलाई 2026 | मैनचेस्टर |
| तीसरा टी20 | 07 जुलाई 2026 | नॉटिंघम |
| चौथा टी20 | 09 जुलाई 2026 | ब्रिस्टल |
| पांचवा टी20 | 11 जुलाई 2026 | साउथम्प्टन |
| पहला वनडे | 14 जुलाई 2026 | बर्मिंघम |
| दूसरा वनडे | 16 जुलाई 2026 | कार्डिफ |
| तीसरा वनडे | 19 जुलाई 2026 | लॉर्ड्स |
रोहित-कोहली की होगी वापसी
टीम इंडिया वनडे कप्तान रोहित शर्मा और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली अब केवल वनडे मैचों में ही खेलते दिखेंगे. पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद दोनों स्टार खिलाड़ियों ने टी20 फॉर्मेट को अलविदा कह दिया था. उनके संन्यास की घोषणा के बाद सीनियर ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने भी टी20 से संन्यास का ऐलान कर दिया था. इस साल भारत के इंग्लैंड दौरे से पहले विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास का ऐलान कर दिया. दोनों के फैंस अब मैदान पर उन्हें वनडे में ही खेलते देख पाएंगे.
