Highlights
AFG vs NZ: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में आज चेन्नई के मैदान पर अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड (Afghanistan vs New Zealand) के बीच मुकाबला खेला जा रहा है. अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान (Rashid Khan) ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. यह फैसला सही भी साबित हुआ क्योंकि अफगानी बल्लेबाजों ने कीवी गेंदबाजों की जमकर खबर ली. 20 ओवरों में अफगानिस्तान ने 6 विकेट खोकर 182 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया. जिसमें गुलबदीन नायब (Gulbadin Naib) की 63 रन की पारी शामिल रही. अब न्यूजीलैंड को यह मैच जीतने के लिए 183 रन बनाने होंगे.
शुरुआती झटकों से सहमी अफगानी टीम
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी अफगानी टीम का आगाज बेहद खराब रहा. न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन ने छठे ओवर में कहर बरपाते हुए अफगानिस्तान को दो बड़े झटके दिए. इब्राहिम जादरान महज 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. उसी ओवर की आखिरी गेंद पर स्टार ओपनर रहमानुल्लाह गुरबाज भी अपना विकेट गंवा बैठे. फर्ग्यूसन की इस घातक गेंदबाजी ने एक समय अफगानिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया.
गुलबदीन नायब और सेदिकुल्लाह का पलटवार
शुरुआती झटके लगने के बाद गुलबदीन नायब और सेदिकुल्लाह अटल ने मोर्चा संभाला. दोनों ने मिलकर कीवी गेंदबाजों के खिलाफ जवाबी हमला बोला. इन दोनों बल्लेबाजों के बीच 50 रनों से ज्यादा की शानदार पार्टनरशिप हुई, जिसने मैच का पासा पलट दिया. इनकी सधी हुई बल्लेबाजी की बदौलत अफगानिस्तान की टीम 17वें ओवर तक 150 रनों के पार पहुंच गई. इस साझेदारी ने टीम को एक ऐसे स्कोर की तरफ बढ़ाया, जहां से वे न्यूजीलैंड पर दबाव बना सकें.
गुलबदीन की तूफानी फिफ्टी ने मचाया गदर
इस पारी के असली हीरो गुलबदीन नायब रहे. उन्होंने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को सेटल होने का मौका नहीं दिया. गुलबदीन ने महज 35 गेंदों का सामना करते हुए शानदार 63 रन कूटे. अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने तीन चौके और 4 छक्के जड़े. जब वे आउट होकर पवेलियन लौटे, तब तक वे अपना काम कर चुके थे. उनकी इस पारी ने टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया.
लॉकी फर्ग्यूसन की दमदार गेंदबाजी
न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजी में लॉकी फर्ग्यूसन सबसे कामयाब रहे. उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवरों में 40 रन खर्च किए और 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए. फर्ग्यूसन के अलावा मैट हेनरी, जैकब डफी और स्पिनर रचिन रविंद्र को भी एक-एक विकेट मिला. हालांकि, बाकी गेंदबाज रनों की रफ्तार पर लगाम लगाने में नाकाम रहे. अब सारा दारोमदार न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों पर है कि वे चेन्नई की टर्निंग पिच पर अफगानी स्पिनर्स का सामना कैसे करते हैं.
ये भी पढ़ें-
टी20 वर्ल्ड कप: न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन में बड़े बदलाव, ये चार खिलाड़ी नहीं खेल रहे
आफगानिस्तान ने जीता टॉस, न्यूजीलैंड की पहले गेंदबाजी, ऐसी है दोनों टीम की प्लेइंग 11
