मोबाइल दुकान पर खुला था फिक्सिंग का सच, रज्जाक ने बताया कैसे पकड़ा गया आमिर का झूठ

Abdul Razzaq on Spot Fixing: पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर अब्दुल रज्जाक ने 2010 के स्पॉट फिक्सिंग मामले में कई अहम राज खोले हैं. उन्होंने बताया कि एक मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान से इस फिक्सिंग की बात सामने आई थी. मोहम्मद आमिर के झूठ बोलने पर शाहिद अफरीदी ने उन्हें थप्पड़ मारा था, जिसके बाद आमिर रोने लगे थे.

Abdul Razzaq on Spot Fixing: पाकिस्तान टीम के पूर्व खिलाड़ी अब्दुल रज्जाक ने साल 2010 के स्पॉट फिक्सिंग विवाद पर बहुत बड़ा खुलासा किया है. एक टीवी शो पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट को इस फिक्सिंग मामले की पहली जानकारी कैसे मिली थी. रज्जाक ने बताया कि जब मोहम्मद आमिर ने फिक्सिंग में शामिल ना होने का झूठ बोला, तो पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने उन्हें जोर का थप्पड़ मारा था. इसके तुरंत बाद आमिर ने रोते हुए अपना गुनाह मान लिया था.

मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान पर खुला राज 

अब्दुल रज्जाक ने बताया कि लंदन में उनका एक दोस्त पार्ट टाइम मोबाइल सुधारने का काम करता था. स्पॉट फिक्सिंग का मुख्य आरोपी और सट्टेबाज मजहर मजीद उसी दुकान पर अपना खराब फोन ठीक कराने गया था. जब दोस्त ने उसका फोन ठीक कर दिया, तो उसने मजीद और तीन पाकिस्तानी क्रिकेटरों के मैसेज पढ़ लिए. इन मैसेज में लॉर्ड्स टेस्ट मैच में स्पॉट फिक्सिंग करने की योजना बनाई जा रही थी. दोस्त ने इस पूरे प्लान की जानकारी रज्जाक को दी थी. इन तीन क्रिकेटरों में सलमान बट्ट, मोहम्मद आमिर और मोहम्मद आसिफ शामिल थे.

अफरीदी ने आमिर को कमरे में बुलाया 

अगस्त 2010 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से ठीक पहले अफरीदी ने टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ दी थी. हालांकि वह वनडे और टी20 टीम के कप्तान बने हुए थे. रज्जाक के अनुसार, शाहिद अफरीदी ने उस समय 18 साल के रहे मोहम्मद आमिर को अपने कमरे में बुलाया. उन्होंने रज्जाक को कमरे के बाहर ही इंतजार करने के लिए कहा. रज्जाक को बाहर से सब साफ सुनाई दे रहा था. अफरीदी अंदर आमिर को बुरी तरह डांट रहे थे और बार-बार उनसे सच बताने को कह रहे थे.

आमिर ने रोते हुए मानी गलती 

अफरीदी के बार-बार पूछने के बाद भी आमिर लगातार झूठ बोलते रहे. वह हर बार फिक्सिंग में शामिल होने की बात से मना करते रहे. जब आमिर नहीं माने, तो अफरीदी ने गुस्से में आकर उन्हें एक जोरदार थप्पड़ लगा दिया. थप्पड़ पड़ते ही आमिर रोने लगे और उन्होंने अपनी सारी गलती मान ली. उन्होंने फिक्सिंग की पूरी बात सच-सच बता दी. इस मामले में बाद में सट्टेबाज मजहर मजीद को दोषी पाया गया और उसे जेल की सजा हुई थी.

सीनियर खिलाड़ियों ने मामले को दबाना चाहा 

रज्जाक ने यह भी बताया कि पाकिस्तान टीम के कुछ सीनियर खिलाड़ियों ने इस मामले को वहीं खत्म करने का प्रयास किया था. इन खिलाड़ियों की सलाह थी कि इससे पहले यह पूरा मामला आईसीसी तक पहुंचे, इसे टीम के अंदर सुलझा लेना चाहिए. उनका सुझाव था कि इन तीनों खिलाड़ियों पर जुर्माना लगाया जाए. इसके बाद अनुशासन से जुड़ी कार्यवाई करते हुए तीनों को तुरंत घर भेज दिया जाए ताकि बड़ी बदनामी ना हो.

ये भी पढ़ें-

रोहित शर्मा ने बचाई थी नौकरी, अब टीम से बाहर हो सकता है यह कोच

अर्शदीप पर ICC का एक्शन, जानिए टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद क्यों हुई कार्रवाई?

ये किसके ईशारों पर खेल रहे हैं संजू सैमसन! वीडियो देख हैरान रह जाएंगे आप

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >