नयी दिल्ली : केंद्र सरकार ने भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट सीरीज को हरी झंडी नहीं देने का फैसला किया है. सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार सरकार का मानना है कि देश में पाकिस्तान के खिलाफ माहौल होने के कारण सीरीज में बाधा उत्पन्न हो सकती है. इससे पहले माना जा रहा था कि भारत-पाक श्रीलंका में सीरीज खेल सकते हैं.
एक अंग्रेजी अखबार में छपी खबर के अनुसार सरकार ने तय किया है कि किसी तीसरे देश में भी सीरीज खेलना उचित नहीं है. बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर की माने तो बोर्ड को सरकार से सीरीज के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है.
जानकारों की माने तो सरकार का सोचना है कि देश का माहौल पाकिस्तान के विरोध में है. ऐसे में यदि पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेला गया तो यह लोगों के जज्बातों के खिलाफ होगा. पाकिस्तान अब भी भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल है.आपको बता दें कि भारत-पाकिस्तान के बीच 2007 के बाद से कोई टेस्ट सीरीज और 2012 के बाद कोई वनडे सीरीज नहीं हुई है.
