काफिले पर हुए हमले में बाल-बाल बचे सिद्धू

जम्‍मू : पूर्व भारतीय क्रिकेटर और भारतीय जनता पार्टी के नेता नवजोत सिंह सिद्धू के काफिले पर जम्मू में आज कुछ अज्ञात हमलावरों ने ईंट-पत्थर फेंक कर हमला किया जिससे उनकी कार का ड्राइवर जख्मी हो गया. जम्मू के बाहरी इलाके में स्थित भोर कैंप में यह घटना हुई. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा […]

जम्‍मू : पूर्व भारतीय क्रिकेटर और भारतीय जनता पार्टी के नेता नवजोत सिंह सिद्धू के काफिले पर जम्मू में आज कुछ अज्ञात हमलावरों ने ईंट-पत्थर फेंक कर हमला किया जिससे उनकी कार का ड्राइवर जख्मी हो गया. जम्मू के बाहरी इलाके में स्थित भोर कैंप में यह घटना हुई.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि सिद्धू गांधी नगर विधानसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार कवींद्र गुप्ता के पक्ष में भोर कैंप में चुनाव प्रचार कर रहे थे. तभी कुछ अज्ञात लोगों ने उनके वाहन पर ईंट-पत्थर फेंक कर हमला किया. बहरहाल, इस हमले में सिद्धू को कोई नुकसान नहीं पहुंचा.

पुलिस ने कहा कि हमलावर अपनी धार्मिक पुस्तक पर सिद्धू की हालिया टिप्पणी को लेकर उनसे नाराज थे. इस सिलसिले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है. भाजपा प्रवक्ता एवं वॉर रुम प्रभारी अरुण गुप्ता ने कहा, वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है. ड्राइवर प्रवीण सिंह घटना में जख्मी हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सिद्धू इस घटना में बाल-बाल बचे.

हमले के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार करार देते हुए गुप्ता ने कहा, हम इस हमले की निंदा करते हैं. यह कांग्रेस और उसके विधायक की हताशा है. वे न केवल इस विधानसभा क्षेत्र में, बल्कि पूरे राज्य में भाजपा की बढती लोकप्रियता से हताश हैं.

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, हमलावर स्थानीय कांग्रेस विधायक के समर्थक थे जो चुनावों के संभावित परिणाम से हताश हैं. वे कांग्रेस विधायक के पक्ष में नारे लगा रहे थे. प्रवक्ता ने कहा कि सिद्धू ने भोर कैंप में अपनी रैली रद्द कर दी और अन्य जगहों पर उनका अभियान जारी है.

इस विधानसभा क्षेत्र में पिछले तीन दिनों में यह सिद्धू पर हुआ दूसरा हमला है. इस सीट से कांग्रेस नेता रमण भल्ला पार्टी उम्मीदवार हैं. भल्ला राज्य सरकार में मंत्री हैं. इससे पहले, कुछ लोगों ने दिगियाना इलाके में उस वक्त सिद्धू पर पत्थरबाजी की थी जब वह वहां एक रैली को संबोधित करने के बाद जम्मू लौट रहे थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >