रणजी ट्रॉफी : दिल्ली ने सौराष्ट्र को नौ विकेट से हराया, गंवाया बोनस अंक
नयी दिल्ली : सलामी बल्लेबाज उन्मुक्त चंद के 16 रन के भीतर आउट हो जाने से दिल्ली ने रणजी ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में सौराष्ट्र को नौ विकेट से हराने के बावजूद बोनस अंक हासिल करने का मौका गंवा दिया. इस जीत से दिल्ली को पांच अंक मिले जो छह भी हो सकते […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
नयी दिल्ली : सलामी बल्लेबाज उन्मुक्त चंद के 16 रन के भीतर आउट हो जाने से दिल्ली ने रणजी ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में सौराष्ट्र को नौ विकेट से हराने के बावजूद बोनस अंक हासिल करने का मौका गंवा दिया.
इस जीत से दिल्ली को पांच अंक मिले जो छह भी हो सकते थे अगर टीम विकेट गंवाये बिना 16 रन बना लेती. खराब दौर से जूझ रहे उन्मुक्त हालांकि अभिषेक भट्ट की गेंद पर चूके और उनका ऑफ स्टंप उखड़ गया.
दूसरी पारी में सौराष्ट्र को 240 रन पर आउट करने के बाद दिल्ली के पास बोनस अंक हासिल करने का यह सुनहरा मौका था. युवा नवदीप साहनी ने 27 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि सुमित नरवाल ने मैच में छह विकेट चटकाये और अर्धशतक भी बनाया.
छह विकेट पर 163 रन से आगे खेलते हुए सौराष्ट्र ने 77 रन के भीतर बाकी विकेट गंवा दिये. नरवाल ने शेल्डन जैक्सन ( 51 ) और दिव्यराज चौहान (21 ) को आउट किया. इसके बाद नवदीप ने पुछल्ले बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा.