बेंगलुरु : दुनिया का सबसे तेज धावक उसेन बोल्ट मंगलवार को भारत में दर्शकों से रुबरु होने के लिए तैयार हैं. वह कल चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारत के स्टार क्रिकेटर युवराज सिंह और जहीर खान जैसे धुरंधरों के साथ एक मैत्री मैच में शिरकत करेंगे.
विश्व और ओलिंपिक चैंपियन बोल्ट उस टीम के खिलाफ सात खिलाडि़यों की टीम के प्रदर्शनी मैच में हिस्सा लेंगे, जिसमें युवराज सहित देश के शीर्ष क्रिकेटर शामिल हैं. बोल्ट की टीम में उनके घनिष्ठ मित्र नुगेंट वाकर जूनियर और भारतीय महान स्पिनर हरभजन सिंह, जबकि युवराज की टीम में उनके लंबे समय के दोस्त और मशहूर भारतीय गेंदबाज जहीर शामिल हैं. इसके अलावा दोनों टीमों में एक विशेषज्ञ विकेटकीपर भी होगा. चार ओवर का यह मैच कल चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जायेगा.
