एशिया XI में साथ नहीं खेलेंगे भारत पाक क्रिकेटर

नयी दिल्ली : भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बांग्लादेश में होने वाले दो आधिकारिक टी20 मैचों के लिये विश्व एकादश के खिलाफ संयुक्त एशियाई एकादश टीम में साथ खेलने की संभावना नहीं है. बीसीसीआई के संयुक्त सचिव जयेश जार्ज ने गुरुवार को यह जानकारी दी. ये मैच अगले साल मार्च में बंगबंधु शेख मुजीबुर […]

नयी दिल्ली : भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बांग्लादेश में होने वाले दो आधिकारिक टी20 मैचों के लिये विश्व एकादश के खिलाफ संयुक्त एशियाई एकादश टीम में साथ खेलने की संभावना नहीं है.

बीसीसीआई के संयुक्त सचिव जयेश जार्ज ने गुरुवार को यह जानकारी दी. ये मैच अगले साल मार्च में बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान के जन्म शताब्दी वर्ष के जश्न के तहत आयोजित किये जा रहे हैं. बीसीसीआई अपने पांच खिलाड़ियों को दो आधिकारिक मैचों के लिये रिलीज करेगा.

जार्ज ने कहा , कोलकाता में गुलाबी गेंद से टेस्ट के दौरान इस बारे में बात की गई. भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के एशियाई एकादश में साथ खेलने की संभावना नहीं है. यह सौरव पर निर्भर करता है क्योंकि वह बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से बात करेंगे.

ये मैच ढाका में 18 और 21 मार्च को खेले जायेंगे. उसी समय दक्षिण अफ्रीका टीम वनडे शृंखला के लिये भारत आयेगी. इसका तीसरा मैच एशियाई एकादश के पहले मैच के दिन ही होगा.

भारत और पाकिस्तान ने पिछले सात साल से द्विपक्षीय क्रिकेट शृंखला नहीं खेली है. दोनों वैश्विक और उपमहाद्वीपीय टूर्नामेंटों में ही एक दूसरे से खेलते हैं. बीसीसीआई और पीसीबी के संबंध एहसान मनी के उस बयान के बाद बदतर हो गए कि भारत की तुलना में विदेशी टीमों के लिये पाकिस्तान अधिक महफूज है.

उन्होंने कराची में कहा था , हमने साबित किया है कि पाकिस्तान महफूज है. यदि कोई खेलने नहीं आ रहा है तो उसे साबित करना होगा कि यह असुरक्षित है. इस समय तो पाकिस्तान से ज्यादा भारत में सुरक्षा को लेकर खतरा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >