लंदन : अपने जमाने के दिग्गज लेग स्पिनर शेन वार्न को अगले साल होने वाली ‘हंड्रेड’ प्रतियोगिता के लिए लंदन स्प्रिट्स का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है और यह ऑस्ट्रेलियाई आईपीएल टीम राजस्थान रायल्स के साथ मिली सफलता को यहां भी दोहराना चाहते हैं. राजस्थान रायल्स के कप्तान और कोच रहते हुए वार्न ने 2008 में पहले आईपीएल में टीम को खिताब दिलवाया था.
वार्न ने कहा, ‘मैं गौरवान्वित और सम्मानित महसूस कर रहा हूं कि मुझे हंड्रेड की लार्ड्स स्थित टीम का मुख्य कोच बनने के लिए कहा गया है. एक नये टूर्नामेंट में कोच बनने के मौके और आज के जमाने के खिलाड़ियों के साथ काम करने का मैं वास्तव में पूरा लुत्फ उठाऊंगा और मैं इस चुनौती के लिए तैयार हूं.’
उन्होंने ‘द गार्डियन’ से कहा, ‘मुझे हंड्रेड का विचार पसंद है और इसने भी उसी तरह से मेरा ध्यान खींचा है जैसे आईपीएल ने खींचा था.’ इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड के ‘द हंड्रेड’ टूर्नामेंट का आयोजन अगले साल से किया जायेगा. यह 100 गेंदों का पेशेवर क्रिकेट लीग होगा. इसमें शहर आधारित आठ टीमें हिस्सा लेंगी. प्रत्येक फ्रेंचाइजी पुरुष और महिला टीमों को उतारेगी.
