मीरपुर: भारत के हाथों दूसरी बार हुई करारी हार के बाद बांग्लादेश के कप्तान मुशफिकर रहीम ने हार के लिए देशवासियों से माफी मांगी है. बांग्लादेश ने भारत को 105 रन पर रोक दिया लेकिन उसके बल्लेबाज बुरी तरह नाकाम रहे और पूरी टीम 58 रन पर आउट हो गयी.
मुशफिकर ने हार स्वीकार करते हुए कहा ,‘‘ मेरे पास इस हार का कोई स्पष्टीकरण नहीं है.’’ ‘‘यह हमारे लिए जीतने का अच्छा मौका था. इससे शर्मनाक कुछ और नहीं हो सकता लिहाजा मैं टीम की ओर से देशवासियों से माफी मांगता हूं.’’ उन्होंने कहा ,‘‘ इस हार के कई कारण है. समझ में नहीं आ रहा कि गलती कहां हुई. हम इस पर बात करेंगे. हमें और मेहनत करनी होगी. हमारे बल्लेबाजों ने मानसिक दृढता का प्रदर्शन नहीं किया.’’ टीम इंडिया के युवा सितारों ने अपना लोहा मनवाते हुए बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज जीती. दूसरे वनडे में बांग्लादेश टीम हार जरूर गई, लेकिन 19 साल के तस्किन अहमद ने रिकॉर्डतोड़ डेब्यू कर सभी फैन्स के दिल जीत लिए.उन्होंने 28 रन के खर्च पर 5 विकेट चटकाकर बांग्लादेश के लिए और इंडिया के खिलाफ वनडे इतिहास का बेस्ट डेब्यू करने का डबल रिकॉर्ड बनाया. लेकिन कप्तान अपनी टीम के प्रदर्शन से खुश नहीं है.
