Australia vs India, Day 2 : दूसरे दिन दिखा भारतीय गेंदबाजों का जलवा, स्टंप तक AUS 191/7

एडीलेड : भारत और आस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन आज आस्ट्रेलिया ने सात विकेट के नुकसान पर 191 रन बना लिये हैं. अभी आस्ट्रेलिया भारत की पहली पारी के स्कोर 250 रन से 59 रन से पीछे चल रहा है.इससे पहले पहले आज भारतीय पारी 250 रन पर […]

एडीलेड : भारत और आस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन आज आस्ट्रेलिया ने सात विकेट के नुकसान पर 191 रन बना लिये हैं. अभी आस्ट्रेलिया भारत की पहली पारी के स्कोर 250 रन से 59 रन से पीछे चल रहा है.इससे पहले पहले आज भारतीय पारी 250 रन पर सिमट गयी. आस्ट्रेलिया की ओर से ट्रेविस हेड ने 61 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद है.

आज के खेल में भारत की ओर से अनुभवी आफ स्पिनर आर अश्विन ने आस्ट्रेलियाई शीर्षक्रम को सस्ते में समेट दिया जबकि तेज गेंदबाजों ने रनगति पर अंकुश लगाकर पहले क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन शुक्रवार को भारत का पलड़ा भारी कर दिया. आस्ट्रेलिया के लिए आखिरी सत्र में ट्रेविस हेड (नाबाद 61) और पैट कमिंस (10) ने 50 रन की साझेदारी की लेकिन आखिर में कमिंस के आउट होने से भारत ने फिर दबाव बना दिया. दूसरे दिन का खेल समाप्त होने पर आस्ट्रेलिया ने 88 ओवर में सात विकेट पर 191 रन बना लिये थे .

अश्विन ने 33 ओवर में 50 रन देकर तीन विकेट लिये . तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने 34 और ईशांत शर्मा ने 31 रन देकर दो -दो विकेट चटकाये . मिशेल स्टार्क आठ रन बनाकर हेड के साथ क्रीज पर मौजूद थे . आस्ट्रेलिया भारत के पहली पारी के 250 रन से अभी भी 59 रन पीछे है और उसके तीन ही विकेट बाकी हैं . चाय के बाद आस्ट्रेलिया ने दस रन और आठ ओवर के भीतर दो विकेट गंवाये . भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर दबाव बनाये रखा. पीटर हैंडस्कांब (34) आउट होने वाले पहले बल्लेबाज रहे जो बुमराह को कट शाट खेलने के प्रयास में विकेट के पीछे कैच दे बैठे . इसके बाद ईशांत ने आस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन (पांच) को उसी अंदाज में पवेलियन भेजा . आस्ट्रेलिया के छह विकेट 127 रन पर गिर गए जिसके बाद हेड और कमिंस ने सातवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की . हेड ने अपना दूसरा टेस्ट अर्धशतक 103 गेंदों में पूरा किया . कमिंस को बुमराह ने पगबाधा आउट किया .

लंच के बाद अश्विन ने आस्ट्रेलिया के दो बल्लेबाजों को आउट किया . पहले शॉन मार्श (दो) ने लंच के तुरंत बाद अपना विकेट गंवा दिया . पहले ही ओवर में अश्विन को आक्रामक शाट खेलने के प्रयास में वह आउट हो गए . उस समय आस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर सिर्फ 59 रन था . उस्मान ख्वाजा (28) और हैंडस्कांब ने चौथे विकेट के लिये 28 रन जोड़े . हैंडस्कांब ने मोहम्मद शमी को कुछ शुरूआती चौके लगाकर रनगति को आगे बढाया . अश्विन ने 40वें ओवर में ख्वाजा को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा . वह विकेट के पीछे ऋषभ पंत को कैच देकर आउट हुए . भारत ने डीआरएस रिव्यू पर यह विकेट हासिल किया .

आस्ट्रेलिया का स्कोर उस समय चार विकेट पर 87 रन हो गया . आस्ट्रेलिया ने लंच तक दो विकेट 57 रन पर गंवा दिये थे . ईशांत शर्मा ने उनकी पारी की तीसरी गेंद पर आरोन फिंच (0) को आउट किया . ख्वाजा और टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण कर रहे सलामी बल्लेबाज मार्कस हैरिस (26) ने कुछ देर संभलकर खेलने की कोशिश की . दोनों ने 20 . 4 ओवर में 45 रन जोड़े . यह भारत के शीर्ष चार विकेटों से लिए हुई किसी भी साझेदारी से बड़ी थी . भारतीय तेज गेंदबाजों ने काफी रफ्तार के साथ गेंद डाली . बुमराह ने तो एक समय 150 किमी की गति से भी गेंदबाजी की लेकिन कई बार अच्छी लैंग्थ नहीं पकड़ सके .

अश्चिन को 12वें ओवर में गेंद सौंपी गई जिसने हैरिस को परेशान किया . लंच से पहले हैरिस को अश्विन ने सिली प्वाइंट पर लपकवाया . इससे पहले मोहम्मद शमी (छह) दूसरे दिन जोश हेजलवुड की पहली ही गेंद पर आउट हो गए जिन्होंने विकेट के पीछे कैच थमाया . इसके साथ ही भारतीय पारी का अंत हो गया. आस्ट्रेलिया के लिए हेजलवुड ने 52 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि मिशेल स्टार्क, पैट कमिंस और नाथन लियोन को दो -दो विकेट मिले .

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >