नयी दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘संपर्क फोर समर्थन’ अभियान के तहत पार्टी अध्यक्ष अमित शाह रविवार को यहां क्रिक्रेटर एम एस धौनी से मिले और उन्होंने पिछले चार सालों में केंद्र सरकार द्वारा किये गये कार्यों के बारे में बताया.
इस भेंट के बाद शाह ने ट्वीट किया, ‘संपर्क फोर समर्थन’ पहल के तहत मैं विश्व कप में उम्दा प्रदर्शन करने वालों में से एक एम एस धौनी से मिला. मैंने उन्हें पिछले चार सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा की गयी बदलावकारी पहलों एवं अप्रत्याशित कार्यों के बारे में बताया.
विश्व कप जीतने वाले कप्तान धौनी से मुलाकात के दौरान भाजपा अध्यक्ष के साथ वित्तमंत्री पीयूष गोयल और अन्य वरिष्ठ पार्टी नेता थे. धौनी से उनकी भेंट 10 महीने से भी कम समय बाद होने जा रहे लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के जनसंपर्क अभियान के तहत उनके द्वारा विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों के साथ मुलाकातों की अगली कड़ी है.
पार्टी के 4000 से अधिक कार्यकर्ताओं को उन एक लाख लोगों से मिलने और सरकार की उपलब्धियां उन्हें बताने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है जो अपने क्षेत्रों में विख्यात हैं.
पार्टी ने कहा था कि शाह खुद करीब 25 लोगों से मिलेंगे. इस अभियान की शुरुआत करते हुए भाजपा अध्यक्ष अब तक पूर्व सेना प्रमुख दलबीर सिंह सुहाग, पूर्व लोकसभा महासचिव सुभाष कश्यप, उद्योगपति रतन टाटा, अभिनेत्री माधुरी दीक्षित आदि कई हस्तियां से मिल चुके हैं.
