नयी दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने गुरुवार को अपनी मंगेतर और चक दे इंडिया फेम अभिनेत्री सागरिका घाटगे से शादी कर ली. दोनों ने गुरुवार सुबह रजिस्टर्ड शादी की जिसमें दोनों के परिजनों के अलावा काफी करीबी दोस्त ही मौजूद थे. दोनों 27 नवंबर को यहां एक पांचसितारा होटल में रिसेप्शन देंगे जिसमें क्रिकेट और बालीवुड की कई हस्तियों के मौजूद रहने की उम्मीद है.
शादी के बाद जहीर और सागरिका को बधाईयां मिल रही हैं. इसी क्रम में टीम इंडिया के बायें हाथ बल्लेबाज गौतम गंभीर ने दोनों को विवाह की शुभकामनाएं दी और साथ-साथ जहीर को नसीहत भी दे डाली. गौतम गंभीर ने ट्वीट करते हुए लिखा- बधाई जहीर और सागरिका. आखिरकार कोई ऐसा आ ही गया जो जहीर को भी बाउंसर फेंक सकता है. गौतम ने आगे लिखा, भाई मैं अपने निजी अनुभव से बता रहा हूं..जब भी पत्नी की तरफ से बाउंसर आए उसे हिट करने की मत सोचना, कोशिश करना की उसे डक कर दो या फिर लाइन से किनारे हो जाओ.
