नयी दिल्ली : भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने आइसीसी महिला विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करनेवाली भारतीय टीम की हर सदस्य को 50 लाख रुपये नकद पुरस्कार देने का ऐलान किया है. सहयोगी स्टाफ को 25-25 लाख रुपये दिये जायेंगे.
भारत ने छह बार की चैंपियन आॅस्ट्रेलिया को हराकर दूसरी बार फाइनल में प्रवेश किया जहां रविवारको उसका सामना इंग्लैंड से होगा. प्रशासकों की समिति के अध्यक्ष विनोद राय ने कहा, ‘मैं भारतीय महिला क्रिकेट टीम को आइसीसी विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देता हूं. खिलाड़ियों ने मैच दर मैच अपने प्रदर्शन में जबर्दस्त सुधार किया है. उन्होंने अपने उम्दा प्रदर्शन से दुनिया भर में प्रशंसक बनाये हैं और मुझे यकीन है कि यह टीम आनेवाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी. ‘बीसीसीआइ के कार्यवाहक अध्यक्ष सीके खन्ना ने कहा, ‘बीसीसीआइ भारतीय महिला क्रिकेट टीम के प्रदर्शन की प्रशंसा करता है. टीम में युवा प्रतिभाओं और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है.’
उधर, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सफलता से खुश होकर एटीके के प्रमुख मालिक संजीव गोयनका ने महिला खिलाड़ियों के लिए एक विशेष स्कालरशिप की घोषणा की. आरपी-संजीव गोयनका ग्रुप ने कहा कि वे भारत में महिला खिलाड़ियों के लिए एक स्कालरशिप शुरू करेंगे जिसमें चुनी गयी पांच खिलाड़ियों को पांच-पांच लाख रुपये दिये जायेंगे. गोयनका ने पत्रकारों से कहा, ‘इस साल से हमारी ज्यूरी पांच महिला खिलाड़ियों का चयन करेगी जिन्हें प्रत्येक को पांच लाख रुपये दिये जायेंगे. भारतीय महिला क्रिकेटरों ने दिखा दिया कि वे कितनी काबिल हैं. लेकिन, उन्हें सिर्फ ट्रेनिंग, सुविधाओं और स्रोतों की कमी है.’
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नजरें रविवारको इंग्लैंड के खिलाफ महिला विश्व कप फाइनल जीतकर अपने परिकथा जैसे अभियान का बेहतरीन अंत करने पर टिकी होंगी. मिताली राज की अगुआईवाली भारतीय टीम ने अब तक स्वप्निल प्रदर्शन किया है और टीम ने सेमीफाइनल में छह बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 36 रन से हराकर सबको अपनी क्षमता दिखा दी है. टीम अब चाहेगी कि उसे टूर्नामेंट में अपनी कड़ी मेहनत का सुखद फल मिले. महिला विश्व कप में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2005 में रहा जब टीम फाइनल में पहुंची, लेकिन ऑस्ट्रेलिया से हार गयी. अब रविवार को होनेवाला मैच ऐसा लम्हा साबित हो सकता है जो महिला क्रिकेट को लेकर भारत में सभी समीकरण बदल दे.
गेंदबाजी में झूलन और राजेश्वरी गायकवाड विरोधी बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में सफल रही हैं. भारत का भविष्य इन दोनों के प्रदर्शन पर भी निर्भर करेगा. दूसरी तरफ टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में भारत के खिलाफ शिकस्त के बाद इंग्लैंड ने जोरदार वापसी की है और भारत के लिए राउंड रोबिन के प्रदर्शन को दोहराना आसान नहीं होगा. इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका पर दो विकेट की रोमांचक जीत के साथ खिताबी मुकाबले में जगह बनायी है. टीम को विकेटकीपर बल्लेबाज सारा टेलर और नताली शिवर से काफी उम्मीदें होंगी. कप्तान हीथर नाइट का मानना है कि उनकी टीम ने अब तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं किया है और टीम खिताबी मुकाबले में ऐसा कर सकती है.
