ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन ग्लासगो में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के उद्घाटन समारोह में भारतीय दल की ध्वज और बैटन वाहक होंगी. भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने शनिवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की. कम खिलाड़ियों वाले इस बहु-खेल आयोजन का उद्घाटन समारोह 23 जुलाई को ग्लासगो के ओवीओ हाइड्रो एरीना में आयोजित किया जाएगा. इस दौरान मीराबाई और लवलीना भारतीय दल की अगुवाई करती नजर आएंगी.
पीटी उषा ने दी शुभकामनाएं
आईओए अध्यक्ष पीटी उषा ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “यह गर्व का विषय है कि मीराबाई और लवलीना उद्घाटन समारोह में यह जिम्मेदारी निभाएंगी. मैं दोनों खिलाड़ियों और पूरे भारतीय दल को शुभकामनाएं देती हूं.”
दो महिला खिलाड़ियों को सम्मान मिलना खास
पीटी उषा ने कहा कि भारतीय टीम के उद्घाटन समारोह में दो महिला खिलाड़ियों को यह सम्मान मिलना बेहद गौरव की बात है. उन्होंने कहा, “इससे खेलों के माहौल और दिशा की शानदार शुरुआत होगी. दोनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर कई बार भारत का गौरव बढ़ाया है और इस समय ब्रिटेन में खेलों की तैयारी में जुटी हुई हैं.”
मीराबाई से पदक की उम्मीद
32 साल की होने जा रही मीराबाई चानू पिछले करीब एक दशक से भारतीय भारोत्तोलन की सबसे बड़ी स्टार रही हैं. उन्होंने टोक्यो ओलंपिक 2021 में महिलाओं के 49 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता था. इसके बाद बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 में स्वर्ण पदक अपने नाम किया.
ग्लासगो में फिर चमक बिखेरने की तैयारी
पेरिस ओलंपिक 2024 में मीराबाई अपने पिछले प्रदर्शन को दोहरा नहीं सकीं, लेकिन ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में वह भारत की सबसे मजबूत पदक दावेदारों में शामिल हैं. वह विश्व चैंपियनशिप में भी कई पदक जीत चुकी हैं.
लवलीना ने भी बढ़ाया है देश का मान
मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था. इसके बाद उन्होंने 2023 विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया. वहीं, हांगझोउ एशियाई खेल 2023 में उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया था. ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में लवलीना भी भारत की प्रमुख पदक दावेदार खिलाड़ियों में गिनी जा रही हैं. ऐसे में उद्घाटन समारोह में ध्वजवाहक की भूमिका और पदक जीतने की उम्मीदों के साथ उन पर सबकी नजरें रहेंगी.
ये भी पढ़ें: 138 साल का इतिहास, अनगिनत कहानियां; कैसे भारतीय फुटबॉल की पहचान बना डूरंड कप
