Bengal T20 league: राष्ट्रीय टीम में वापसी की कोशिशों में जुटे मोहम्मद शमी ने घरेलू क्रिकेट में अपनी क्लास साबित कर दी है. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए बंगाल टी20 लीग के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स के लिए खेलते हुए शमी ने श्राची राढ़ टाइगर्स के खिलाफ हैट्रिक लेने का कारनामा किया. अपनी लाइन-लेंथ से बल्लेबाजों को बेबस करने वाले इस 35 वर्षीय गेंदबाज ने शाहबाज अहमद, रोहित कुमार-III और दिपांजन मुखर्जी को लगातार आउट कर अपनी हैट्रिक पूरी की.
16वें ओवर में आया शमी का तुफान
16वें ओवर में जब गेंद 35 वर्षीय शमी के हाथ में आई, तो किसी को अंदाजा नहीं था कि अगली तीन गेंदें में क्या होने वाली हैं. ओवर की चौथी गेंद पर शमी ने शाहबाज अहमद को झांसा दिया और के. लाल ने उनका आसान सा कैच लपक लिया. अगली गेंद पर रोहित कुमार-III क्रीज पर आए, लेकिन शमी की रफ्तार के आगे वह भी बेबस दिखे, वी. भाटी ने उनका एक लाजवाब कैच पकड़ा. अब पूरी टीम और फैंस की सांसें थमी हुई थीं। ओवर की अंतिम गेंद पर सामने थे दीपांजन मुखर्जी. शमी ने एक सटीक गेंद डाली जो सीधे दीपांजन के पैड पर जा लगी। अंपायर की उंगली उठी और एलबीडब्ल्यू के साथ ही शमी ने अपनी यह शानदार हैट्रिक पूरी कर ली.
बंगाल टी20 लीग में शमी का जलवा
बंगाल टी20 लीग में सर्वोटेक सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स का प्रतिनिधित्व कर रहे शमी ने श्राची राढ़ बंगाल के खिलाफ शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन किया. उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में 6.75 की इकोनॉमी से 27 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए. शमी ने विपक्षी टीम के ओपनर सुमंत गुप्ता को आउट करने के साथ-साथ शाहबाज अहमद, रोहित कुमार-III और दीपांजन मुखर्जी को अपना शिकार बनाकर राढ़ बंगाल के बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी.
ईडन गार्डन्स में सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स की धमाकेदार जीत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सर्वोटेक सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स ने विशाल भाटी के शानदार 86 रन (46 गेंद), करन लाल के 39 रन और प्रमोद चंदीला के नाबाद 36 रनों की बदौलत 20 ओवर में 4 विकेट पर 208 रनों का मजबूत स्कोर बनाया. जवाब में 209 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्राची राढ़ बंगाल की टीम ईडन गार्डन्स की पिच पर 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 184 रन ही बना सकी. राढ़ बंगाल के लिए शुवम डे (48) और राहुल प्रसाद (44) ने अच्छी लड़ाई लड़ी, लेकिन अंत में उनकी टीम को 24 रनों से हार का सामना करना पड़ा.
यह भी पढ़े- फ्रेंच ओपन फाइनल आज, प्राइज मनी जानकर पकड़ लेंगे सिर
