BAN vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से ठीक पहले बांग्लादेश की तैयारियों को बड़ा झटका लगा है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच में बांग्लादेश को पारी और 38 रन से हार का सामना करना पड़ा. सबसे ज्यादा चिंता की बात उसकी दूसरी पारी रही, जहां पूरी टीम सिर्फ 54 रन पर सिमट गई. मुकाबले में बांग्लादेश की बल्लेबाजी को कैंपबेल थॉम्पसन ने तहस-नहस कर दिया. युवा बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने महज 25 रन देकर 8 विकेट झटक लिए.
पहली पारी में बनाए 263 रन
बांग्लादेश ने मैच की पहली पारी में 263 रन बनाए थे. टीम के लिए मेहदी हसन मिराज ने शानदार 109 रन की पारी खेलकर मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला था. इसके जवाब में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन ने 355 रन बनाकर 92 रन की बढ़त हासिल कर ली. इसके बाद बांग्लादेश की दूसरी पारी में बल्लेबाजों ने पूरी तरह निराश किया.
मात्र 54 पर सिमटी दूसरी पारी
तीसरे दिन बांग्लादेश ने 19 रन पर दो विकेट से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन महज कुछ ओवर में ही पूरी टीम पवेलियन लौट गई. पूरी टीम मात्र 54 रन पर ऑलआउट हो गई. तंजीद हसन 22 रन बनाकर टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. उनके अलावा कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका.
कौन है कैंपबेल थॉम्पसन?
22 वर्षीय कैम्पबेल थॉम्पसन का क्रिकेट सफर अभी शुरुआती दौर में है, लेकिन उनकी तेजी और कंट्रोल ने उन्हें अलग पहचान दिलानी शुरू कर दी है. साउथ ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने वाले इस बाएं हाथ के मीडियम-फास्ट गेंदबाज का जन्म 18 जनवरी 2004 को हुआ. उन्होंने फरवरी 2026 में पहले लिस्ट-ए और फिर शेफील्ड शील्ड में डेब्यू किया. था. अब बांग्लादेश के खिलाफ इस प्रदर्शन से उन्होंने ऑस्ट्रेलिया टीम में अपनी जगह बनाने के लिए मजबूत दावेदारी पेश कर दी है.
बैटर्स ने किया निराश
इस प्रदर्शन से मुख्य कोच फिल सिमंस भी निराश नजर आए. उन्होंने माना कि बल्लेबाजी में टीम ने खुद को निराश किया और जिस तरह बल्लेबाज आउट हुए, वह अच्छा नहीं था. हालांकि, सिमंस का मानना है कि टीम के पास टेस्ट से पहले सुधार करने का समय है. उन्होंने कहा कि अभ्यास मैच निराशाजनक रहा, लेकिन अब टीम को अगले तीन-चार ट्रेनिंग सेशन में अपनी गलतियों पर काम करना होगा और टेस्ट मैच पर ध्यान लगाना होगा.
तैजुल की हो सकती है वापसी
बांग्लादेश के लिए राहत की खबर तैजुल इस्लाम को लेकर है. बल्लेबाजी के दौरान चोटिल हुए बाएं हाथ के स्पिनर की उंगली में सूजन और दर्द अब कम हो गया है. टीम के फिजियो के मुताबिक, पहले टेस्ट में अभी पांच दिन बाकी हैं और उम्मीद है कि तैजुल समय रहते फिट हो जाएंगे.
13 अगस्त से पहला टेस्ट मैच
बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट 13 अगस्त से डार्विन के उसी मारा्रा ओवल मैदान पर खेला जाएगा, जहां अभ्यास मैच हुआ. ऐसे में बांग्लादेश को टेस्ट से पहले अपनी बल्लेबाजी की कमजोरियों को जल्द से जल्द दूर करना होगा.
Also Read: श्रीलंका दौरे पर टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ीं, साई सुदर्शन हुए टेस्ट सीरीज से बाहर
