Babar Azam Lord's Test Controversy: पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान ऐसा विवाद सामने आया, जिसने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की मुश्किलें बढ़ा दी थीं. दावा किया गया कि पीसीबी ने मैच तक रद्द करने की चेतावनी दी थी. लेकिन अब पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान बाबर आजम के बयान ने इस पूरे मामले को और दिलचस्प बना दिया है.
बाबर आजम को नहीं थी मैच के बहिष्कार की जानकारी
टेस्ट खत्म होने के बाद बीबीसी टेस्ट मैच स्पेशल से बातचीत में बाबर आजम से पूछा गया कि क्या उन्हें दूसरे टेस्ट के पहले दिन मैच के बहिष्कार की किसी योजना के बारे में बताया गया था. बाबर ने बिना किसी घुमाव के कहा,
“नहीं, नहीं, नहीं। मैंने ऐसी कोई बात नहीं सुनी.” जब उनसे दोबारा पूछा गया कि क्या वह इस तरह की किसी बातचीत से वाकिफ थे, तो उनका जवाब फिर वही था- “नहीं.”
इसे भी पढ़े- WTC Points Table India: इंग्लैंड की जीत से बदला समीकरण, भारत की रैंकिंग अब खतरे में?
इमरान खान के बेटों के इंटरव्यू से शुरू हुआ पूरा विवाद
दरअसल, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल एथरटन ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटों का करीब 18 मिनट का इंटरव्यू किया था. यह इंटरव्यू लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन लंच ब्रेक के दौरान स्काई स्पोर्ट्स पर प्रसारित हुआ. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस इंटरव्यू से पीसीबी नाराज था और उसने ब्रॉडकास्टर्स के सामने अपनी आपत्ति जताई थी.
पीसीबी ने टेस्ट रद्द करने की दी थी धमकी?
रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि अगर इंटरव्यू प्रसारित किया गया तो पीसीबी लॉर्ड्स टेस्ट को रद्द करने और इंग्लैंड का तीन मैचों का दौरा बीच में छोड़ने तक का फैसला ले सकता था. हालांकि, इंटरव्यू का एक वर्जन प्रसारित हुआ और इसके बावजूद पाकिस्तान की टीम लंच के बाद मैदान पर वापस लौट आई.
इसे भी पढ़े- IPL 2027 Impact Player Rule: IPL 2027 से खत्म होगा Impact Player Rule? BCCI ने 10 टीमों से मांगा जवाब
आखिर पाक क्रिकेट में चल क्या रहा था?
यही वजह है कि बाबर आजम का बयान अब खासा चर्चा में है. एक तरफ पीसीबी की कथित नाराजगी और मैच रद्द करने की खबरें सामने आईं, वहीं दूसरी तरफ टीम के कप्तान का कहना है कि उन्हें ऐसी किसी बातचीत की जानकारी ही नहीं थी. इससे सवाल उठता है कि क्या पीसीबी और टीम के बीच इस मुद्दे पर पूरी जानकारी साझा नहीं की गई थी? फिलहाल बाबर के बयान ने लॉर्ड्स टेस्ट के इस पुराने विवाद को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है.
