Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारत के खाते में एक और मेडल जुड़ गया है. शूटिंग रेंज में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है. मेन्स 10 मीटर एयर राइफल टीम प्रतियोगिता में भारत ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया है. रुद्रांक्ष बालासाहेब पाटिल, हिमांशु ढिल्लों और पार्थ राकेश माने की तिकड़ी ने भारत को यह पदक दिलाया.
भारतीय टीम ने कुल 1890.1 अंक हासिल किए और दूसरे स्थान पर रही. चीन ने 1899 अंकों के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि दक्षिण कोरिया ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.
रुद्रांक्ष, हिमांशु और पार्थ ने लगाया मेडल पर निशाना
भारत की ओर से मेन्स 10 मीटर एयर राइफल टीम गेम में रुद्रांक्ष पाटिल, हिमांशु ढिल्लों और पार्थ माने मैदान में उतरे थे. तीनों निशानेबाजों ने मिलकर भारत को पोडियम तक पहुंचाया.
रुद्रांक्ष पाटिल भारतीय शूटिंग के अनुभवी नामों में शामिल हैं. वहीं हिमांशु ढिल्लों भी जूनियर स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं. पार्थ माने ने भी टीम के लिए अहम योगदान दिया. एशियन गेम्स 2026 के लिए भारत की मेन्स 10 मीटर एयर राइफल टीम में इन तीनों का चयन हुआ था.
ये भी पढ़ें: Asian Games 2026: भारत को मिला पहला मेडल, शूटिंग में महिला टीम ने जीता सिल्वर
भारत का एशियन गेम्स में तीसरा सिल्वर
यह एशियन गेम्स 2026 में भारत का तीसरा सिल्वर मेडल है. इससे पहले भारतीय निशानेबाजों ने महिला 10 मीटर एयर राइफल की टीम प्रतियोगिता में सिल्वर जीता था. एलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदार्शा विनोद की तिकड़ी ने भारत को यह पदक दिलाया था.
महिला 10 मीटर एयर राइफल के व्यक्तिगत मुकाबले में भी एलावेनिल वलारिवन ने सिल्वर मेडल जीता. वह गोल्ड से सिर्फ 0.6 अंक दूर रह गई थीं.
शूटिंग में लगातार मिल रहे मेडल
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शूटिंग दल ने शुरुआत से ही अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है. महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में सिल्वर के बाद अब पुरुष टीम ने भी रजत पदक जीत लिया है. भारतीय निशानेबाजों की नजरें अब बाकी शूटिंग स्पर्धाओं में भी पदक जीतने पर होंगी.
भारत के अब तक के सिल्वर मेडल
- महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम – एलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर, विदार्शा विनोद
- महिला 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत – एलावेनिल वलारिवन
- पुरुष 10 मीटर एयर राइफल टीम – रुद्रांक्ष पाटिल, हिमांशु ढिल्लों, पार्थ माने
ये भी पढ़ें: Asian Games 2026: इलावेनिल वलारिवन ने शूटिंग में जीता सिल्वर, भारत को मिला दूसरा मेडल
