FIFA World Cup 2026 के लिए मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने अपनी 26 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है, जिसकी कप्तानी एक बार फिर दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी करेंगे. 38 वर्षीय मेसी अपने करियर का छठा वर्ल्ड कप खेलने जा रहे हैं, जिसके साथ ही वह विश्व कप के इतिहास में एक नया रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लेंगे. मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी ने मुख्य रूप से उसी कोर टीम पर भरोसा जताया है जिसने साल 2022 में कतर में अर्जेंटीना को विश्व चैंपियन बनाया था.
11 जून से शुरू होगा फीफा वर्ल्ड कप 2026
फुटबॉल के महाकुंभ का आगाज 11 जून से अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में होने जा रहा है, जहां ग्रुप J में शामिल अर्जेंटीना अपने अभियान की शुरुआत 16 जून को अल्जीरिया के खिलाफ करेगी. इसके बाद ग्रुप चरण के अन्य मुकाबलों में टीम का सामना जॉर्डन और ऑस्ट्रिया से होगा.
कोच ने अनुभवी खिलाड़ियों पर जताया भरोसा
कोच स्कालोनी ने टीम के संतुलन को बनाए रखने के लिए 2022 की विजेता टीम के 17 अनुभवी खिलाड़ियों को बरकरार रखा है. इस बार भी गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज, डिफेंडर निकोलस ओटामेंडी, और मिडफील्डर रोड्रिगो डी पॉल, एलेक्सिस मैक एलिस्टर व एंजो फर्नांडीज को टीम की मुख्य रीढ़ माना जा रहा है, जबकि गोल करने का दारोमदार जूलियन अल्वारेज और लाउतारो मार्टिनेज के कंधों पर होगा.
कुछ नए खिलाड़ियों को भी किया गया शामिल
भविष्य को ध्यान में रखते हुए स्कालोनी ने वेलेंटिन बार्को, निकोलस पाज, जूलियानो सिमेओने, थियागो अल्माडा और जोसे मैनुएल लोपेज जैसे प्रतिभावान युवा खिलाड़ियों को शामिल किया है, जो पहली बार विश्व कप के इस बड़े मंच पर अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं.
FIFA World Cup 2026 के लिए अर्जेंटीना की टीम
गोलकीपर:– एमिलियानो मार्टिनेज, जेरोनिमो रूली, जुआन मुसो.
डिफेंडर:– लियोनार्डो बालेरडी, गोंजालो मोंटिएल, निकोलस टैग्लियाफिको, लिसांद्रो मार्टिनेज, क्रिस्टियन रोमेरो, निकोलस ओटामेंडी, फाकुंडो मेडिना, नाहुएल मोलिना.
मिडफील्डर:- लिआंड्रो परेडेस, रोड्रिगो डी पॉल, वेलेंटिन बार्को, जियोवानी लो सेल्सो, एक्सेकिएल पलासियोस, एलेक्सिस मैक एलिस्टर, एंजो फर्नांडीज.
फॉरवर्ड:– जूलियन अल्वारेज, लियोनेल मेसी (कप्तान), निकोलस गोंजालेज, थियागो अल्माडा, जूलियानो सिमेओने, निकोलस पाज, जोसे मैनुएल लोपेज, लाउतारो मार्टिनेज.
मृणाल कुमार पांडेय
यह भी पढ़ें: 11 जून से शुरू होगा फुटबॉल का महामुकाबला, एम्बाप्पे पर टिकी फ्रांस की नजरें
