Rocky Flintoff : इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ के बेटे रॉकी फ्लिंटॉफ ने महज 18 साल की उम्र में पेशेवर क्रिकेट में बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है. रॉकी ने समरसेट के खिलाफ वनडे कप मुकाबले में लंकाशायर के लिए शानदार शतक जड़कर नया रिकॉर्ड बना दिया है. उन्होंने सिर्फ 76 गेंदों पर 123 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 10 चौके और सात छक्के शामिल रहे. उनकी इस पारी के दम पर लंकाशायर ने लिस्ट-ए क्रिकेट में अपना सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया.
134 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
इस शतक के साथ रॉकी फ्लिंटॉफ लंकाशायर के लिए सीनियर टीम में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए. उन्होंने आर्ची मैकलारेन का करीब 134 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. मैकलारेन ने 1890 में 18 साल और 256 दिन की उम्र में होव में 106 रन बनाकर लंकाशायर के लिए सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया था. रॉकी ने यह उपलब्धि 18 साल और 126 दिन की उम्र में हासिल की. यानी उन्होंने मैकलारेन से 130 दिन कम उम्र में लंकाशायर की सीनियर टीम के लिए शतक जड़ दिया.
सिर्फ 65 गेंदों पर जड़ा शतक
रॉकी ने सिर्फ 65 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और इसके बाद भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखी. उनकी पारी में लगाए गए सात छक्कों ने खास तौर पर दर्शकों का ध्यान खींचा. उनकी बल्लेबाजी में कई शॉट ऐसे रहे, जो उनके पिता एंड्रयू फ्लिंटॉफ की याद दिलाते नजर आए.
214 रनों की साझेदारी
टॉन्टन में खेले गए इस मुकाबले में लंकाशायर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 443 रन बनाए. रॉकी फ्लिंटॉफ ने सलामी बल्लेबाज कीटन जेनिंग्स के साथ मिलकर टीम की पारी को पूरी तरह बदल दिया. दोनों बल्लेबाजों के बीच 214 रनों की शानदार साझेदारी हुई. जेनिंग्स ने भी 127 गेंदों पर 156 रनों की बेहतरीन पारी खेली.
लंकाशायर ने दर्ज की जीत
रॉकी और जेनिंग्स की शानदार बल्लेबाजी के बाद लंकाशायर के गेंदबाजों ने भी कमाल किया. समरसेट की टीम 269 रन पर ऑलआउट हो गई. जॉर्ज बाल्डरसन और टॉम एस्पिनवॉल ने चार-चार विकेट लेकर मेजबान टीम की पारी को समेट दिया. समरसेट की ओर से टॉम लैम्बी ने 68 रन बनाए, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके. लंकाशायर ने यह मुकाबला 174 रनों से अपने नाम किया और वनडे कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई. अब टीम का सामना शुक्रवार को ओल्ड ट्रैफर्ड में बेन स्टोक्स की टीम डरहम से होगा.
Also Read: 4 मैच में 4 अर्धशतक...सासंद के बेटे ने DPL में मचाया धमाल, 173 के स्ट्राइक रेट से ठोके 281 रन
कीटन जेनिंग्स ने की रॉकी की जमकर तारीफ
रॉकी की शानदार पारी के बाद उनके साथी कीटन जेनिंग्स ने युवा बल्लेबाज की जमकर तारीफ की. जेनिंग्स ने कहा कि रॉकी अच्छी तरह जानते हैं कि उनका परिवार उनके लिए रन नहीं बना सकता. उन्हें खुद मैदान पर जाकर प्रदर्शन करना होगा और अब तक उनके खेल में इसका संकेत साफ नजर आ रहा है. जेनिंग्स ने रॉकी की फिटनेस और मानसिक मजबूती की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि युवा बल्लेबाज ने मुकाबले में अपने पैरों का बेहतरीन इस्तेमाल किया और शानदार पारी खेली.
पहले भी रिकॉर्ड बना चुके हैं रॉकी
रॉकी फ्लिंटॉफ के लिए यह शतक उनके छोटे से करियर का एक और बड़ा पड़ाव है. वह 2024 में महज 16 साल और 113 दिन की उम्र में लंकाशायर के लिए पदार्पण कर टीम के सबसे युवा खिलाड़ी बने थे. इससे पहले वह इंग्लैंड अंडर-19 के लिए भी शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने थे.
