भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे अब क्रिकेट के मैदान के बाहर अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं. करीब 18 साल लंबे प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर को अलविदा कहने के बाद रहाणे कमेंट्री बॉक्स में नजर आएंगे. वह भारत के आगामी श्रीलंका दौरे पर टेस्ट कमेंट्री में अपना डेब्यू करेंगे. भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज का प्रसारण सोनी नेटवर्क पर और स्ट्रीमिंग सोनी लाइव पर की जाएगी. रहाणे 15 से 27 अगस्त तक चलने वाले भारत के श्रीलंका दौरे के दौरान टेस्ट कमेंट्री पैनल का हिस्सा होंगे. टेस्ट क्रिकेट में लंबे समय तक भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले रहाणे के लिए यह भूमिका एक नई चुनौती होने के साथ-साथ अपने अनुभव को क्रिकेट प्रशंसकों तक पहुंचाने का मौका भी होगी.
टेस्ट कप्तानी में रहाणे का शानदार रिकॉर्ड
रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट मैच खेले और इस दौरान 5,077 रन बनाए. उनके नाम 12 शतक और 26 अर्धशतक दर्ज हैं. रहाणे टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी के अलावा कप्तानी के लिए भी जाने जाते हैं. उनका टेस्ट कप्तानी रिकॉर्ड शानदार रहा. उन्होंने भारत की कप्तानी करते हुए चार मुकाबलों में जीत दर्ज की, जबकि दो मैच ड्रॉ रहे. कम से कम पांच टेस्ट में कप्तानी करने वाले भारतीय कप्तानों में उनका जीत प्रतिशत सबसे बेहतर रहा.
नए रोल मिलने को लेकर क्या बोले रहाणे
कमेंट्री में अपनी नई भूमिका को लेकर रहाणे ने उत्साह जाहिर किया है. उन्होंने कहा कि
भारत के श्रीलंका दौरे पर टेस्ट कमेंट्री में पदार्पण करना उनके लिए विशेष अनुभव होगा. उनके मुताबिक, टेस्ट क्रिकेट खेल का शिखर है और इतने वर्षों तक इस प्रारूप में भारत का प्रतिनिधित्व करने के बाद अब खेल को एक अलग नजरिए से देखने का मौका मिलना उनके लिए सम्मान की बात है. रहाणे ने कहा कि वह अपने अनुभवों को साझा करने के साथ-साथ खेल की बारीकियों, रणनीतियों और उन फैसलों को दर्शकों के सामने रखने की कोशिश करेंगे, जो टेस्ट मैच का रुख बदल सकते हैं. उनका लक्ष्य दर्शकों को मैदान पर होने वाली घटनाओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद करना है.
मेलबर्न से गाबा तक कप्तानी की यादगार उपलब्धियां
रहाणे की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2020-21 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया था. नियमित कप्तान विराट कोहली की अनुपस्थिति में रहाणे ने टीम की कमान संभाली और मेलबर्न टेस्ट में भारत को शानदार वापसी के साथ जीत दिलाई. इसके बाद उसी सीरीज के गाबा टेस्ट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर इतिहास रच दिया. गाबा में ऑस्ट्रेलिया की लंबे समय से चली आ रही अजेय लय को भारत ने तोड़ा और सीरीज पर 2-1 से कब्जा किया. यह जीत भारतीय क्रिकेट की सबसे यादगार विदेशी जीतों में गिनी जाती है. रहाणे की कप्तानी में भारत ने 2017 में धर्मशाला में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महत्वपूर्ण टेस्ट जीत हासिल की थी. इसके अलावा 2018 में अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू मैदान पर भी उनकी कप्तानी में भारत ने जीत दर्ज की.
वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय में रहाणे का प्रदर्शन
टेस्ट क्रिकेट के अलावा रहाणे ने भारत के लिए सीमित ओवरों के क्रिकेट में भी अहम योगदान दिया. उन्होंने 90 वनडे मैचों में 87 पारियों के दौरान 2,962 रन बनाए. इस फॉर्मेट में उनके नाम तीन शतक और 24 अर्धशतक हैं. उनका बल्लेबाजी औसत 35.26 और स्ट्राइक रेट 78.63 रहा. टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रहाणे ने 20 मैचों की 20 पारियों में 375 रन बनाए. इस दौरान उनका औसत 20.83 और स्ट्राइक रेट 113.29 रहा. उनके नाम इस प्रारूप में एक अर्धशतक है. कुल मिलाकर रहाणे ने भारत के लिए 195 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 251 पारियां खेलीं और 8,414 रन बनाए. उनका अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में औसत 35.95 रहा. उन्होंने 15 शतक और 51 अर्धशतक लगाए, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर 188 रन रहा.
रहाणे का आईपीएल करियर
रहाणे का प्रभाव सिर्फ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा. इंडियन प्रीमियर लीग में भी वह लंबे समय तक कई टीमों का हिस्सा रहे हैं. वह आईपीएल इतिहास में भारत के आठवें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल हैं. रहाणे ने आईपीएल में 197 पारियों में 5,367 रन बनाए हैं. उनका औसत 30.15 रहा है. इस दौरान उन्होंने दो शतक और 35 अर्धशतक लगाए. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 105 रन है. 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उन्होंने आईपीएल खिताब भी जीता.
इसे भी पढ़े- अभिषेक पोरेल की गिरफ्तारी के बाद फिर चर्चा में क्रिकेटरों से जुड़े यौन अपराध के मामले, देखें पूरी लिस्ट
