Aimen Anwar Retirement News: एशिया कप और एशियन गेम्स से पहले पाकिस्तान की तेज गेंदबाज ऐमन अनवर ने तत्काल प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है. 45 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी ऐमन ने करीब सात साल लंबे करियर में पाकिस्तान का कई बड़े टूर्नामेंट में प्रतिनिधित्व किया. अब वह मैदान पर गेंदबाज के तौर पर नहीं, बल्कि मैच रेफरी की नई भूमिका में नजर आएंगी.
45 मैचों में 33 विकेट का रहा करियर
ऐमन अनवर ने पाकिस्तान के लिए कुल 45 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले. इनमें आठ वनडे और 37 टी20 इंटरनेशनल मैच शामिल हैं. उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 33 विकेट हासिल किए. टी20 इंटरनेशनल में ऐमन का प्रदर्शन ज्यादा प्रभावी रहा. 37 मैचों में उन्होंने 29 विकेट चटकाए. वहीं, आठ वनडे मुकाबलों में उनके नाम चार विकेट रहे.
4 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का हिस्सा रहीं
ऐमन अनवर पाकिस्तान महिला क्रिकेट की कई अहम टीमों का हिस्सा रही हैं. उन्होंने 2018, 2020 और 2022-23 महिला टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया. इसके अलावा वह न्यूजीलैंड में खेले गए आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2022 में भी पाकिस्तान की टीम का हिस्सा थीं. ऐमन अनवर ने चार वर्ल्ड कप में पाकिस्तान टीम की तरफ से हिस्सा लिया.
ये भी पढ़ें: ENG vs PAK Test: पाकिस्तान टीम को दूसरे टेस्ट मैच से पहले मिली अच्छी खबर, नेट्स में बैटिंग करते नजर आए बाबर आजम
2016 में किया था इंटरनेशनल डेब्यू
दाएं हाथ की मीडियम फास्ट बॉलर ऐमन ने जुलाई 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मैच से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी. साउथेम्प्टन में खेले गए उस मुकाबले के साथ वह पाकिस्तान के लिए टी20 कैप हासिल करने वाली 37वीं महिला क्रिकेटर बनी थी. इसके बाद फरवरी 2017 में उन्होंने कोलंबो में बांग्लादेश के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया. 50 ओवर के क्रिकेट में उन्होंने पाकिस्तान के लिए चार विकेट हासिल किए.
घरेलू क्रिकेट के दम पर टीम में की थी वापसी
ऐमन अनवर ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम में वापसी की थी. चयनकर्ताओं ने उन्हें ऑस्ट्रेलिया में खेले गए महिला टी20 वर्ल्ड कप 2020 के लिए पाकिस्तान की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया था. हालांकि, फरवरी 2023 के बाद उन्होंने पाकिस्तान के लिए कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेला. अब उन्होंने आधिकारिक तौर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है.
क्रिकेट से पूरी तरह दूर नहीं होंगी ऐमन
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के बावजूद ऐमन अनवर खेल से अपना रिश्ता खत्म नहीं कर रही हैं. वह अब ब्रॉडकास्टिंग के जरिए क्रिकेट से जुड़ी रहेंगी और एक नए अधिकारी के तौर पर भी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगी. ऐमन ने इसी साल जनवरी में मैच रेफरी इंडक्शन कोर्स सफलतापूर्वक पूरा किया था. इसके बाद उन्होंने सोमवार को जारी नेशनल महिला अंडर-19 टूर्नामेंट में मैच रेफरी के रूप में अपना डेब्यू किया.
ये भी पढ़ें: ICC Test Ranking: बुमराह से छिनी नंबर-1 की कुर्सी, स्टार्क ने मारी बाजी; पंत की लंबी छलांग
