अफगानिस्तान और आयरलैंड के बीच चौथा वनडे मुकाबला बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेला जा रहा है. इस मुकाबले में अफगानिस्तान के बल्लेबाज सेदिकुल्लाह अटल और इब्राहिम जादरान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 231 रन की साझेदारी की और अपनी-अपनी शतकीय पारियों से टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही. रहमानुल्लाह गुरबाज सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद इब्राहिम जादरान और सेदिकुल्लाह अटल ने पारी को संभाला. दोनों ने आयरलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाया और दूसरे विकेट के लिए 231 रन जोड़ दिए.
अटल ने खेली 143 रन की तूफानी पारी
सेदिकुल्लाह अटल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 120 गेंदों में 143 रन बनाए. उनकी पारी में 17 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. उन्होंने करीब 119 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और आयरलैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर ली. वहीं, इब्राहिम जादरान ने भी शानदार शतक लगाया. उन्होंने 118 गेंदों का सामना करते हुए 107 रन बनाए. जादरान की पारी में 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा.
ये भी पढ़ें: IND vs SL Live Streaming: फ्री में कैसे देखें भारत-श्रीलंका का पहला टेस्ट मैच?
231 रनों की साझेदारी से बनाए कई रिकॉर्ड
अटल और जादरान की 231 रन की साझेदारी अफगानिस्तान-आयरलैंड वनडे मुकाबलों में दूसरे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है. इसके अलावा यह वनडे क्रिकेट में अफगानिस्तान की ओर से किसी भी विकेट के लिए की गई तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है. इतना ही नहीं, अफगानिस्तान के वनडे इतिहास में यह सिर्फ चौथा मौका है, जब एक ही मुकाबले में टीम के दो बल्लेबाजों ने शतक लगाया है.
वहीं अटल और जादरान के अलावा दरवेश रसूली ने 14 गेंदों में 24 रन बनाए, जबकि अजमतुल्लाह उमरजई ने 15 रनों का योगदान दिया. कप्तान रहमत शाह सिर्फ 2 रन बना सके, जबकि राशिद खान ने 11 रन बनाए.
अफगानिस्तान ने बनाया अपना सबसे बड़ा वनडे स्कोर
अटल और जादरान की शानदार पारियों के दम पर अफगानिस्तान ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 343 रन बनाए. यह वनडे क्रिकेट में अफगानिस्तान का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है. अफगानिस्तान ने इस मामले में अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. टीम ने 2024 में श्रीलंका के खिलाफ 6 विकेट पर बनाए गए 339 रन के स्कोर को पीछे छोड़ दिया.
ये भी पढ़ें: भारत-अफगानिस्तान T20 सीरीज की तारीखें तय, 13 सितंबर से दिल्ली में भिड़ेंगी दोनों टीमें
