Surya Mandir: रांची के इटकी बाहरी तलाव स्थित नव निर्मित सूर्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव और पांच दिवसीय पूजा-अनुष्ठान की शुरुआत भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हो गई. इस धार्मिक आयोजन में आसपास के गांवों और क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए. बीते शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे 5100 महिलाओं ने कलश लेकर विशाल शोभायात्रा निकाली, जिसने पूरे इलाके को भक्तिमय माहौल में बदल दिया.
5100 महिलाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा
कलश यात्रा सूर्य मंदिर परिसर से शुरू होकर महतो टोली, झखरा टोली, महाबीर चौक और बाजार होते हुए बनिया टोली स्थित तालाब तक पहुंची. श्रद्धालुओं की संख्या इतनी अधिक थी कि मंदिर से लेकर तालाब तक करीब ढाई किलोमीटर लंबी कतार लग गई. महिलाएं सिर पर कलश लेकर गाजे-बाजे और जयकारों के साथ आगे बढ़ रही थीं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना रहा.
इससे पहले यज्ञ के मुख्य आचार्य सूर्यकांत मणि त्रिपाठी और अन्य विद्वानों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सभी पुजारियों का प्रयाश्चित और दशमी स्नान कराया. इसके बाद विधि-विधान के साथ कलश शोभायात्रा की शुरुआत की गई.
वरुण पूजा के बाद कलश में भरा गया पवित्र जल
बनिया टोली स्थित तालाब पर पहुंचकर विद्वानों ने वरुण पूजा और विशेष अनुष्ठान किया. इसके साथ ही मां गंगा का आह्वान किया गया. इसके बाद महिलाओं ने कलश में पवित्र जल भरा और फिर वापस सूर्य मंदिर परिसर पहुंचीं. मंदिर पहुंचने के बाद मंडप में कलशों की स्थापना की गई. दोपहर करीब तीन बजे पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश सहित कई अन्य धार्मिक अनुष्ठान पूरे किए गए.
प्रवचन, महाआरती और भंडारे का आयोजन
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान रात आठ बजे से बनारस से आई कथावाचिका शालनी त्रिपाठी ने धार्मिक प्रवचन दिया. उनके प्रवचन को सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में मौजूद रहे. इसके बाद भव्य महाआरती और भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया.
हजारों श्रद्धालुओं की रही मौजूदगी
इस भव्य कलश यात्रा और धार्मिक आयोजन में भाजपा नेता सन्नी टोप्पो, शिव सेना के राज्य प्रमुख दीपक सिंह, जोहार पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष विजय मेहता, जिप सदस्य रीणा देवी समेत कई सामाजिक और राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं. इसके अलावा नगड़ी, बेड़ो, मांडर और इटकी क्षेत्र से हजारों श्रद्धालु इस आयोजन के साक्षी बने.
सुरक्षा व्यवस्था भी रही कड़ी
कलश यात्रा के दौरान भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा. जगह-जगह चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि शोभायात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके. नव निर्मित सूर्य मंदिर में शुरू हुआ यह पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव पूरे क्षेत्र में आस्था और उत्साह का केंद्र बना हुआ है. आने वाले दिनों में भी यहां कई धार्मिक अनुष्ठान और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
