महाशिवरात्रि से पहले रांची में पहाड़ी बाबा को लगी हल्दी, 15 को बारात

Mahashivratri 2026: पहाड़ी बाबा को हल्दी की रस्म संपन्न हुई. भक्तों में उत्साह का माहौल है. 15 फरवरी को भव्य बारात निकलेगी, धार्मिक परंपराओं और अनोखी शादी समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं.

Mahashivratri 2026: देवों के देव महादेव के विवाह उत्सव के क्रम में झारखंड की राजधानी रांची के पहाड़ी मंदिर परिसर में बुधवार को पारंपरिक श्रद्धा और भक्ति के साथ पहाड़ी बाबा को हल्दी लगायी गयी. मंगल गान गाये गये. इसके पश्चात मेहंदी की रस्म व भव्य संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम से पूर्व 21 महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में हल्दी पीसने की रस्म निभायी. वहीं, 108 दीप प्रज्ज्वलित किये गये. गंगाजल से भगवान शिव का स्नान कराया गया और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्हें हल्दी अर्पित की गयी. पूरे मंदिर में भक्ति संगीत की गूंज बनी रही, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया.

भोलेनाथ की आराधना का सबसे पावन पर्व महाशिवरात्रि इस वर्ष भक्तों के लिए विशेष फलदायी रहने वाला है। फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को मनाया जाने वाला यह पर्व 2026 में खास संयोग लेकर आ रहा है।

महाशिवरात्रि कब है?

15 फरवरी 2026 (रविवार)

चतुर्दशी तिथि का समय

प्रारंभ: 15 फरवरी 2026, शाम 05:04 बजे से

समापन: 16 फरवरी 2026, शाम 05:34 बजे तक

पूजा का सबसे शुभ समय

सुबह 06:30 बजे से 09:30 बजे तक

इस पावन अवसर पर रात्रि जागरण, शिवलिंग पर जलाभिषेक, बेलपत्र अर्पण और “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप अत्यंत शुभ माना गया है।

बारात का स्वागत करेगा सूरज संगम

सूरज संगम मारवाड़ी टोला अपर बाजार अपने स्वर्ण जयंती वर्ष पर महाशिवरात्रि के दिन मारवाड़ी टोला में स्वागत करेगा. संस्थापक शंकर प्रसाद ने बताया कि शिव बारात में शामिल बारातियों का फल व खीर से स्वागत किया जायेगा. वहीं, सुंदर प्रकाश की व्यवस्था की जायेगी. पंकज वर्मा द्वारा झांकी का निर्माण किया जा रहा है. आयोजन को सफल बनाने में बद्री लाल, शिवनंदन साहू, राजेश कुमार गुप्ता, संजय चौरसिया, शंकर प्रसाद, संजय गुप्ता, संतोष गुप्ता, संजय पोद्दार, बजरंग लाल, विभीषण साहू, पंकज वर्मा, चंदन गुप्ता, रितेश गुप्ता, उज्ज्वल गुप्ता, श्याम लाल, रामबाबू व पिटू कुमार का सहयोग रहा.

शिवरात्रि के दिन चिकित्सा शिविर

पुंदाग स्थित राधाकृष्ण प्रणामी मंदिर में रविवार को महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा. इस संबंध में अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, सचिव मनोज कुमार चौधरी, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल व प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा कि इस दिन मंदिर में 253वां अन्नपूर्णा महाप्रसाद भंडारा, राधा रानी का अलौकिक शृंगार, भजन जागरण, सामूहिक महाआरती, गो सेवा का आयोजन किया जायेगा. इस दिन निःशुल्क स्वास्थ्य जांच चिकित्सा शिविर भी लगाया जायेगा. इसमे नेत्र जांच, इसीजी, ब्लड शुगर आदि जांच की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shaurya Punj

मैंने डिजिटल मीडिया में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव हासिल किया है. पिछले 6 वर्षों से मैं विशेष रूप से धर्म और ज्योतिष विषयों पर सक्रिय रूप से लेखन कर रहा हूं. ये मेरे प्रमुख विषय हैं और इन्हीं पर किया गया काम मेरी पहचान बन चुका है. हस्तरेखा शास्त्र, राशियों के स्वभाव और उनके गुणों से जुड़ी सामग्री तैयार करने में मेरी निरंतर भागीदारी रही है. रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री प्राप्त करने के बाद. इसके साथ साथ कंटेंट राइटिंग और मीडिया से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में काम करते हुए मेरी मजबूत पकड़ बनी. इसके अलावा, एंटरटेनमेंट, लाइफस्टाइल और शिक्षा जैसे विषयों पर भी मैंने गहराई से लेखन किया है, जिससे मेरी लेखन शैली संतुलित, भरोसेमंद और पाठक-केंद्रित बनी है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >