अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन होंगे महिलाओं के लिए मुफ्त

International Women’s Day 2026: महिला दिवस के अवसर पर काशी विश्वनाथ मंदिर में महिलाओं को नि:शुल्क दर्शन की सुविधा मिलेगी. 8 मार्च को द्वार 4-बी से विशेष प्रवेश दिया जाएगा और गोद में बच्चों वाली महिलाओं को प्राथमिकता मिलेगी.

International Women’s Day 2026: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने एक खास फैसला लिया है. मंदिर प्रबंधन ने घोषणा की है कि 8 मार्च को आने वाली सभी महिला श्रद्धालुओं को भगवान विश्वनाथ के नि:शुल्क दर्शन कराए जाएंगे. इस दिन महिलाओं को दर्शन के लिए किसी भी तरह का टिकट नहीं लेना होगा. चाहे महिलाएं वाराणसी की निवासी हों या देश-विदेश से आई श्रद्धालु हों, सभी को इस सुविधा का लाभ मिलेगा. मंदिर प्रशासन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सम्मान देना और उनकी आस्था को और मजबूत करना है. साथ ही यह समाज में महिलाओं के सम्मान और गरिमा को बढ़ावा देने का भी संदेश देता है.

द्वार संख्या 4-बी से मिलेगा सीधा प्रवेश

मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने बताया कि 8 मार्च को महिला श्रद्धालुओं के लिए खास व्यवस्था की गई है. इस दिन महिलाओं को द्वार संख्या 4-बी से सीधे मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा. इससे उन्हें लंबी कतारों में खड़े रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी और दर्शन भी आसानी से हो सकेंगे. इसके अलावा गोद में बच्चों को लेकर आने वाली महिलाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी. मंदिर प्रशासन का मानना है कि इससे महिलाओं को काफी सुविधा मिलेगी और वे बिना किसी परेशानी के बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सकेंगी.

International Women’s Day 2026: कुछ समय काशीवासियों के लिए रहेगा आरक्षित

मंदिर प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि तड़के सुबह 4 बजे से 5 बजे तक और शाम 4 बजे से 5 बजे तक का समय पहले की तरह काशीवासियों के लिए आरक्षित रहेगा. इस दौरान स्थानीय लोगों की व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा. इसके अलावा पूरे दिन महिला श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क और विशेष प्रवेश की सुविधा उपलब्ध रहेगी. प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस दौरान शांति और अनुशासन बनाए रखें, ताकि सभी महिलाओं को आसानी से दर्शन मिल सकें.

मातृशक्ति के सम्मान का संदेश

मंदिर प्रशासन का कहना है कि यह फैसला मातृशक्ति के सम्मान में लिया गया है. मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने कहा कि भगवान विश्वनाथ का आशीर्वाद सभी मातृशक्ति और श्रद्धालुओं पर बना रहे. उन्होंने सभी की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना भी की.

आस्था का बड़ा केंद्र है काशी विश्वनाथ मंदिर

गौरतलब है कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर हिंदू धर्म के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक प्रमुख ज्योतिर्लिंग है. गंगा तट पर स्थित यह मंदिर लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है. यहां रोज बड़ी संख्या में भक्त बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने पहुंचते हैं. काशी विश्वनाथ धाम के भव्य कॉरिडोर और बेहतर व्यवस्थाओं के कारण श्रद्धालुओं को अब पहले से ज्यादा सुविधाएं मिल रही हैं. ऐसे में महिला दिवस पर महिलाओं के लिए की गई यह विशेष व्यवस्था उनके लिए एक खास अवसर साबित होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shaurya Punj

मैंने डिजिटल मीडिया में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव हासिल किया है. पिछले 6 वर्षों से मैं विशेष रूप से धर्म और ज्योतिष विषयों पर सक्रिय रूप से लेखन कर रहा हूं. ये मेरे प्रमुख विषय हैं और इन्हीं पर किया गया काम मेरी पहचान बन चुका है. हस्तरेखा शास्त्र, राशियों के स्वभाव और उनके गुणों से जुड़ी सामग्री तैयार करने में मेरी निरंतर भागीदारी रही है. रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री प्राप्त करने के बाद. इसके साथ साथ कंटेंट राइटिंग और मीडिया से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में काम करते हुए मेरी मजबूत पकड़ बनी. इसके अलावा, एंटरटेनमेंट, लाइफस्टाइल और शिक्षा जैसे विषयों पर भी मैंने गहराई से लेखन किया है, जिससे मेरी लेखन शैली संतुलित, भरोसेमंद और पाठक-केंद्रित बनी है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >