Gemstone Astrology: ज्योतिष शास्त्र में हीरे का संबंध शुक्र ग्रह से माना गया है. शुक्र प्रेम, विवाह, सुंदरता, आकर्षण, कला, सुख-सुविधा और ऐश्वर्य से जुड़े विषयों का कारक है. हालांकि, हर व्यक्ति के लिए हीरा पहनना उचित नहीं होता. ज्योतिषाचार्य डॉ. एन. के. बेरा के अनुसार, हीरा तभी धारण करना चाहिए, जब कुंडली में शुक्र की स्थिति अनुकूल हो और उसे मजबूत करने की जरूरत हो. हीरा पहनने से पहले कुंडली में शुक्र किस भाव में है, किन ग्रहों के साथ है, उस पर किस ग्रह की दृष्टि है और कौन-सी दशा चल रही है, इन बातों को देखना जरूरी है.
हीरा किन लग्न वालों के लिए शुभ है?
वैदिक ज्योतिष में शुक्र वृषभ और तुला लग्न का स्वामी होता है. इसलिए इन दोनों लग्नों के जातकों के लिए हीरा महत्वपूर्ण रत्न माना जाता है. इसके अलावा मिथुन, कुंभ, कन्या, धनु और मकर लग्न वालों के लिए भी कुंडली में शुक्र की स्थिति अनुकूल होने पर हीरा धारण किया जा सकता है.
किन लग्न वालों को हीरा नहीं पहनना चाहिए?
वृश्चिक, मेष, सिंह और मीन लग्न वालों को हीरा धारण नहीं करना चाहिए. इन लग्नों में शुक्र की स्थिति अनुकूल नहीं होने पर हीरा पहनना नुकसानदायक हो सकता है.
कुंडली में शुक्र की कौन-सी स्थिति देखकर हीरा पहनें?
ज्योतिषाचार्य डॉ. एन. के. बेरा के अनुसार, कुंडली में शुक्र प्रथम, पंचम, नवम और एकादश भाव में शुभ स्थिति में हो, तो हीरा धारण किया जा सकता है. ऐसी स्थिति में हीरा पहनने से सुख-संपन्नता, सौंदर्य और भौतिक सुख-सुविधाओं से जुड़े अच्छे परिणाम मिल सकते हैं. साथ ही मान-सम्मान और ऐश्वर्य से जुड़े लाभ भी मिल सकते हैं.
हीरा पहनने से क्या फायदे हो सकते हैं?
कुंडली में शुक्र की स्थिति अनुकूल होने पर हीरा पहनने से प्रेम और वैवाहिक जीवन में सुधार, व्यक्तित्व और आकर्षण में वृद्धि तथा सुख-सुविधाओं से जुड़े लाभ मिल सकते हैं. यह कला और रचनात्मक क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के लिए भी उपयोगी हो सकता है. इसके अलावा करियर और सामाजिक संबंधों में भी सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं. डॉ. एन. के. बेरा के अनुसार, हीरा सौभाग्य, सुखी दांपत्य जीवन, संतान सुख और धन-संपत्ति से जुड़े मामलों में भी लाभकारी हो सकता है, जब कुंडली में शुक्र की स्थिति अनुकूल हो.
किन लोगों को हीरा पहनने से बचना चाहिए?
अगर कुंडली में शुक्र तीसरे, छठे, आठवें या बारहवें भाव में प्रतिकूल स्थिति में हो, तो हीरा धारण करने से बचना चाहिए. खासकर जिनकी कुंडली और हस्तरेखा में शुक्र की स्थिति अच्छी नहीं है, उनके लिए हीरा नुकसानदायक हो सकता है.
हीरा कब पहनना चाहिए?
हीरा शुक्ल पक्ष की द्वितीया, पंचमी, सप्तमी, अष्टमी, दशमी और त्रयोदशी तिथि के शुक्रवार को धारण करना शुभ माना जाता है.
हीरा किस उंगली में पहनना चाहिए?
हीरे को अनामिका उंगली में धारण करने की सलाह दी जाती है. इसे दाएं या बाएं, किसी भी हाथ की अनामिका उंगली में पहना जा सकता है.
हीरा किस धातु में पहनना चाहिए?
हीरे को चांदी, प्लैटिनम या सोने की अंगूठी में धारण किया जा सकता है.
हीरा धारण करने की विधि
- शुक्रवार या शुभ तिथि के दिन स्नान करके साफ कपड़े पहनें.
- हीरे को गंगाजल से शुद्ध करें.
- इसे साफ स्थान पर रखकर शुक्र ग्रह का ध्यान करें.
- हीरे को चांदी, प्लैटिनम या सोने की अंगूठी में जड़वाएं.
- 'ॐ शुं शुक्राय नमः' मंत्र का जाप करें.
- इसके बाद हीरे को अनामिका उंगली में धारण करें.
ये भी पढ़ें: Gemstone Astrology: नीलम किसे पहनना चाहिए? जानें शुभ लग्न, फायदे और धारण करने की विधि
हीरा पहनने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
हीरा धारण करने से पहले कुंडली में शुक्र की स्थिति जरूर जांच लें. जिन लोगों की कुंडली या हस्तरेखा में शुक्र की स्थिति अनुकूल नहीं है, उन्हें हीरा पहनने से बचना चाहिए. रत्न धारण करने से पहले किसी योग्य ज्योतिषाचार्य से कुंडली का विश्लेषण कराना बेहतर रहता है.
ये भी पढ़ें: Gemstone Astrology: शुभ रत्न भी दे सकते हैं उल्टा असर, पहनने से पहले जानें 7 जरूरी बातें
