दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद सिर्फ प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि उससे रिलेटेड कानूनी मुद्दे भी चर्चा में हैं. इन्हीं में एक शब्द है, डॉक्सिंग (Doxxing), जो एक बार फिर सुर्खियों में है.
सवाल यह है कि क्या भारत में डॉक्सिंग अपराध है, या फिर इसके लिए कोई अलग कानून ही मौजूद है? अगर अलग कानून नहीं है, तो ऐसी स्थिति में पीड़ितों के पास कानूनी विकल्प क्या हैं और दोषियों पर किन धाराओं के तहत कार्रवाई हो सकती है? इस लेख में इन्हीं सवालों के जवाब विस्तार से जानेंगे.
क्या होती है डॉक्सिंग और यह कितना खतरनाक है ?
दिल्ली में नीट पेपर लीक के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्राओं और युवतियों ने भी हिस्सा लिया था. प्रदर्शन के बाद कई युवतियों ने आरोप लगाया कि उनकी निजी जानकारी, जैसे मोबाइल नंबर, घर का पता और दूसरी व्यक्तिगत जानकारियां, उनकी अनुमति के बिना सोशल मीडिया पर साझा की जा रही हैं. कई लड़कियों ने यह भी दावा है कि उन्हें ऑनलाइन रेप और जान से मारने की धमकियां भी मिल रही हैं.
किसी की प्राइवेट डिटेल्स जैसे नाम, एड्रेस, फोन नंबर, ईमेल या ऑफिस की जानकारी, बिना उसकी परमिशन इंटरनेट पर लीक या शेयर करना Doxing कहलाता है. अक्सर इसका मकसद किसी को डराना, ट्रोल करना या नुकसान पहुंचाना होता है.
इन आरोपों के सामने आने के बाद भारत में डिजिटल प्राइवेसी (Digital Privacy), ऑनलाइन सुरक्षा और अभिव्यक्ति की आजादी के बीच संतुलन को लेकर नई बहस छिड़ गई है.
क्या भारत में डॉक्सिंग के लिए कोई अलग कानून है?
इस सवाल का सीधा जवाब है, नहीं. भारत में अभी तक डॉक्सिंग (Doxxing) को लेकर कोई अलग या विशेष कानून नहीं है. हालांकि, इसका मतलब ये नहीं है कि ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती. भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट के तहत डॉक्सिंग से जुड़े मामलों में अलग-अलग परिस्थितियों के आधार पर कई धाराएं लगा कानूनी कार्रवाई की जाती है.
अगर किसी व्यक्ति के डिजिटल गतिविधियों पर नजर रखी जाती है या बार-बार उसके मर्जी के बिना संपर्क करने की कोशिश की जाती है, तो इसे डिजिटल स्टॉकिंग कहा जाता है. ऐसे मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 (Stalking) लागू हो सकती है. पहली बार दोषी पाए जाने पर इसमें तीन साल तक की जेल का प्रावधान है.
अगर किसी का मोबाइल नंबर, घर का पता या दूसरी निजी जानकारी सार्वजनिक करने के बाद उसे रेप, हत्या या गंभीर नुकसान की धमकी दी जाती है, तो मामला सिर्फ डॉक्सिंग तक सीमित नहीं रहता. ऐसी स्थिति में BNS की धारा 351 (Criminal Intimidation) के तहत कार्रवाई की जा सकती है. इस धारा में इंटरनेट या अन्य डिजिटल माध्यम से दी गई धमकियां भी शामिल हैं.
अगर किसी महिला की निजी तस्वीरें, वीडियो या संवेदनशील जानकारी उसकी सहमति के बिना उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाने या उसे परेशान करने के इरादे से इंटरनेट पर साझा की जाती हैं, तो BNS की धारा 79 लागू हो सकती है. इस धारा के तहत दोषी पाए जाने पर तीन साल तक की सजा का प्रावधान है.
डॉक्सिंग के मामलों में सिर्फ BNS ही नहीं, बल्कि इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IT) एक्ट, 2000 की कई धाराएं भी लागू हो सकती हैं.
- धारा 66C: पहचान की चोरी (Identity Theft), जैसे आधार, पैन, पासवर्ड या अन्य डिजिटल पहचान का दुरुपयोग.
- धारा 66D: कंप्यूटर या इंटरनेट के जरिए किसी और का रूप धारण कर धोखाधड़ी करना.
- धारा 67 और 67A: अश्लील या यौन रूप से स्पष्ट सामग्री को इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से प्रकाशित या प्रसारित करना.
यानी, भले ही भारत में डॉक्सिंग के नाम से कोई अलग कानून नहीं है, लेकिन यदि इसके जरिए किसी की निजता भंग होती है, धमकी दी जाती है, पीछा किया जाता है या किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाई जाती है, तो मौजूदा कानूनों के तहत आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.
डॉक्सिंग का शिकार होने पर क्या करें?
- अगर कोई व्यक्ति डॉक्सिंग का शिकार होता है, तो सबसे पहले लीक हुई जानकारी, पोस्ट, यूआरएल (URL) और धमकी भरे संदेशों के स्क्रीनशॉट लेकर डिजिटल सबूत सुरक्षित करें.
- इसके बाद सभी जरूरी अकाउंट्स के पासवर्ड बदलें, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) चालू करें और सोशल मीडिया अकाउंट्स की प्राइवेसी सेटिंग्स मजबूत करें.
- जिस प्लेटफॉर्म पर निजी जानकारी साझा की गई है, वहां तुरंत रिपोर्ट करें और कंटेंट हटाने की मांग करें.
- भारत में साइबर अपराध की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज की जा सकती है. जरूरत पड़ने पर 1930 हेल्पलाइन या स्थानीय पुलिस से भी संपर्क करें.
- परिवार, दोस्तों और जरूरत पड़ने पर ऑफिस को सूचित करें ताकि वे भी सतर्क रह सकें.
भारत में डॉक्सिंग के लिए अलग कानून नहीं है, लेकिन यदि इससे किसी की निजता का उल्लंघन, धमकी, पीछा (स्टॉकिंग), पहचान की चोरी या अन्य अपराध होते हैं, तो मौजूदा कानूनों के तहत कार्रवाई की जा सकती है.
