Monsoon Session: जोहार. आज है 22 जुलाई.
कुछ तारीखें कैलेंडर में लिखी जाती हैं.
कुछ तारीखें इतिहास लिख देती हैं.
और कुछ तारीखें सरकारों को यह याद दिलाती हैं कि चुनाव केवल वोट से नहीं हारते...
माहौल से हारते हैं.
20 जुलाई शायद ऐसी ही एक तारीख बनती दिखाई दे रही है.
क्योंकि इस दिन देश ने केवल विरोध प्रदर्शन नहीं देखे.
देश ने पहली बार अलग-अलग असंतोषों को एक साझा राजनीतिक धारा में बदलते देखा.
एक तरफ छात्र थे...
दूसरी तरफ किसान...
तीसरी तरफ विपक्ष...
और इन तीनों के बीच खड़ी थी मोदी सरकार.
यही वजह है कि 20 जुलाई केवल एक दिन नहीं है.
यह शायद उस राजनीतिक मौसम की पहली तेज आंधी है, जिसके असर आने वाले महीनों में पंजाब, उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति तक महसूस किए जा सकते हैं.
तीन तस्वीरें... एक संदेश
दिल्ली तीन हिस्सों में बंटी हुई थी
जंतर-मंतर पर छात्र
शंभू बॉर्डर पर किसान
प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी
तीनों की भाषा अलग थी
लेकिन तीनों का सवाल एक था-
क्या सरकार सुन रही है?
छात्र आंदोलन... जिसने विपक्ष को नया ऑक्सीजन दिया
पेपर लीक का मुद्दा नया नहीं था.
देश इससे पहले भी कई बार प्रश्नपत्र लीक होते देख चुका था.
परीक्षाएं रद्द हुई थीं.
दोबारा परीक्षाएं हुई थीं.
लेकिन इस बार कहानी केवल पेपर लीक की नहीं रही.
20 जुलाई से पहले यह मुख्यतः शिक्षा व्यवस्था का संकट था.
20 जुलाई के बाद यह विश्वास, जवाबदेही और स्टूडेंट हैंडलिंग, यानी मोटे तौर पर कहें तो सरकार की सेंसिटिविटी का का संकट बन गया.
ये छात्र केवल एक परीक्षा नहीं बचाना चाहते थे.
वे अपने वर्षों की मेहनत का सम्मान चाहते थे.
वे जानना चाहते थे कि अगर उनकी एक छोटी-सी गलती उन्हें परीक्षा से बाहर कर सकती है, तो पूरे सिस्टम की गलती पर जिम्मेदारी कौन लेगा?
उनकी मांग बहुत बड़ी नहीं थी.
दोषियों पर कार्रवाई.
पूरी पारदर्शिता.
और शिक्षा मंत्री की नैतिक जवाबदेही.
लेकिन जब वे संसद की ओर बढ़े...
तो उन्हें जवाब शब्दों में नहीं मिला.
बैरिकेड मिले.
आंसू गैस मिली.
लाठियां मिलीं.
यहीं से कहानी बदल गई.
क्योंकि भारत की राजनीति में आंदोलन हमेशा किसी मांग से बड़ा नहीं होता...
कई बार एक तस्वीर पूरे आंदोलन का चेहरा बन जाती है. और 20 जुलाई को वही हुआ.
हेलमेट पहने पुलिसकर्मी...
भागते हुए छात्र...
रोती हुई छात्राएं...
आंसू गैस के धुएं में गायब होती तख्तियां...
इन तस्वीरों ने बहस को पेपर लीक से उठाकर लोकतंत्र की संवेदनशीलता तक पहुंचा दिया.
लेकिन इस कहानी का सबसे भावनात्मक पक्ष शायद कहीं और छिपा है.
यह वह पीढ़ी है जिसे हम Gen Z कहते हैं.
यह वही पीढ़ी है जिसने अपने बचपन में कोविड देखा...
ऑनलाइन पढ़ाई देखी...
रोजगार की अनिश्चितता देखी...
और अब अपने करियर की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षाओं पर सवाल खड़े होते देख रही है.
इनमें से बहुत-से युवाओं के लिए यह पहली बार था जब उन्होंने लोकतांत्रिक विरोध में हिस्सा लिया.
पहली बार उन्होंने नारे लगाए.
पहली बार बैरिकेड देखे.
और पहली बार राज्य की शक्ति को अपने बिल्कुल सामने महसूस किया.
राजनीतिक आंदोलनों का इतिहास पढ़ना एक बात होती है...
उसे अपनी आंखों से देखना बिल्कुल दूसरी.
यही अनुभव इस आंदोलन को अलग बनाता है.
क्योंकि यह केवल उस छात्र तक सीमित नहीं रहता जिस पर लाठी चली.
उसका वीडियो उसके दोस्त तक पहुंचता है...
फिर कॉलेज के व्हाट्सऐप ग्रुप तक...
फिर इंस्टाग्राम रील बनता है...
फिर लाखों मोबाइल स्क्रीन पर एक साथ दिखाई देता है.
यहीं से आंदोलन सड़कों से निकलकर एल्गोरिद्म में प्रवेश कर जाता है.
और आज की राजनीति में एल्गोरिद्म कभी-कभी अखबारों से भी तेज काम करते हैं.
एक वायरल वीडियो...
एक रोती हुई छात्रा...
एक घायल अभ्यर्थी...
एक धुएं से भरी सड़क...
कई बार हजार भाषणों से ज्यादा असर छोड़ देते हैं.
यही वजह है कि 20 जुलाई के बाद यह आंदोलन केवल दिल्ली का नहीं रहा.
यह भावनात्मक रूप से उन लाखों युवाओं का आंदोलन बन गया जिन्होंने शायद कभी प्रदर्शन में हिस्सा नहीं लिया, लेकिन जिन्होंने अपनी स्क्रीन पर वह सब देखा और खुद को उन चेहरों में खोज लिया.
सरकार के सामने चुनौती केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने की नहीं थी.
चुनौती यह भी थी कि वह इस पीढ़ी को यह विश्वास दिलाए कि उसकी आवाज सुनी जा रही है.
क्योंकि युवा केवल न्याय नहीं मांगते...
वे सम्मान भी मांगते हैं.
वे केवल परिणाम नहीं देखते...
वे यह भी देखते हैं कि सत्ता उनसे बात कैसे करती है.
यदि उन्हें लगता है कि उनकी पहली दस्तक का जवाब संवाद की जगह सख्ती से मिला...
तो यह अनुभव उनकी राजनीतिक स्मृति का हिस्सा बन जाता है.
और लोकतंत्र में राजनीतिक स्मृतियां अक्सर चुनावी घोषणापत्रों से ज्यादा लंबी उम्र रखती हैं.
क्या 20 जुलाई, Gen Z के लिए वही घटना बनने जा रही है?
यही सवाल आज सत्ता के सामने सबसे बड़ा है.
राहुल गांधी... जिन्होंने मौका पहले ही पहचान लिया था
राजनीति में समय ही सबसे बड़ी पूंजी होता है.
20 जुलाई से पहले ही राहुल गांधी इस मुद्दे की राजनीतिक संभावना को समझ चुके थे.
देहरादून में आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं की नाराजगी, परीक्षा प्रणाली पर उठते सवाल और रोजगार से जुड़ी बेचैनी को खुलकर उठाया था.
उस मंच पर उन्होंने केवल भाषण नहीं दिया था.
उन्होंने एक राजनीतिक संदेश दिया था-
कि आने वाले समय में युवाओं का प्रश्न विपक्ष के केंद्र में रहने वाला है.
20 जुलाई ने उन्हें वही अवसर दे दिया जिसकी उन्हें तलाश थी.
जब जंतर-मंतर पर लाठियां चलीं...
राहुल गांधी सीधे प्रधानमंत्री आवास के बाहर पहुंच गए.
यह केवल एक विरोध नहीं था.
यह एक राजनीतिक घोषणा थी कि कांग्रेस अब छात्र असंतोष को राष्ट्रीय मुद्दा बनाएगी.
और अगर आने वाले महीनों में यह आंदोलन जारी रहता है...
तो यह मानकर चलिए कि राहुल गांधी इसे संसद से लेकर चुनावी मंच तक लगातार उठाएंगे.
राजनीति अवसरों की कला है.
और फिलहाल विपक्ष इस अवसर को हाथ से जाने देने के मूड में बिल्कुल नहीं दिखाई देता.
किसान आंदोलन... क्या पंजाब की राजनीति की भूमिका लिखी जा रही है?
शंभू बॉर्डर फिर चर्चा में है.
याद कीजिए...
यही शंभू कभी किसान आंदोलन का राष्ट्रीय प्रतीक बन गया था.
इस बार मुद्दा अलग है.
MSP की कानूनी गारंटी.
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर आशंकाएं.
कृषि बाजार का भविष्य.
लेकिन राजनीति केवल मुद्दे नहीं देखती.
भूगोल भी देखती है.
और शंभू बॉर्डर केवल एक सीमा नहीं है.
यह पंजाब की राजनीतिक चेतना का प्रतीक भी है.
यहीं से राजनीतिक विश्लेषक एक बड़ा सवाल उठा रहे हैं-
क्या किसान संगठनों की यह सक्रियता केवल आर्थिक मांगों तक सीमित रहेगी...
या आने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव की राजनीतिक पृष्ठभूमि भी तैयार करेगी?
ऐसा कहना जल्दबाज़ी होगी कि आंदोलन किसी चुनावी रणनीति का हिस्सा है.
लेकिन यह भी उतना ही सच है कि पंजाब की राजनीति में किसान संगठनों का प्रभाव ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण रहा है.
ऐसे में यदि व्यापार समझौते, MSP और कृषि सुरक्षा जैसे मुद्दे चुनावी विमर्श का केंद्र बनते हैं, तो उनका असर राजनीतिक दलों की रणनीतियों पर भी पड़ सकता है.
दूसरे शब्दों में...
किसानों का आंदोलन चाहे चुनाव के लिए न निकला हो...
लेकिन चुनाव निश्चित रूप से इस आंदोलन को नजरअंदाज नहीं कर पाएंगे. प्रभात खबर UPSC पर खास कवरेज कर रहा है, ताकि आपको एक्सपर्ट गाइडेंस के लिए कहीं और न जाना पड़े. UPSC परीक्षाओं से जुड़ी सभी ताजा जानकारी के लिए हमारे साथ जुड़े रहें.
- प्रभात खबर UPSC Exclusive : UPSC : एक ख्वाब, कई इम्तिहान
- प्रभात खबर UPSC Exclusive Interview : आखिर UPSC इतना डरा क्यों रहा है? पटना वाले Eduteria का Exclusive Interview
- प्रभात खबर UPSC Exclusive Interview : UPSC : 'Tina Dabi जहां भी होती, उसी समर्पण के साथ मेहनत करती'- Khan Sir का एक्सक्लूसिव इंटरव्यू
और एक नया मोर्चा... E20?
लेकिन रुकिए...
क्या यह विरोध यहीं रुकने वाला है?
या एक नया मुद्दा धीरे-धीरे आकार ले रहा है?
नाम है...
E20 एथेनॉल ब्लेंडिंग.
सरकार कहती है—
यह भारत की ऊर्जा सुरक्षा का भविष्य है.
विदेशी तेल पर निर्भरता कम होगी.
किसानों को नया बाजार मिलेगा.
कार्बन उत्सर्जन घटेगा.
कागज पर यह नीति आकर्षक दिखाई देती है.
लेकिन जमीन पर सवालों की संख्या लगातार बढ़ रही है.
और राजनीति में कई बार सवाल, जवाबों से ज़्यादा ताकतवर हो जाते हैं.
सबसे पहला सवाल—इतनी जल्दी क्यों?
अगर देश के करोड़ों वाहन अभी पूरी तरह E20 के अनुकूल नहीं हैं...
अगर लाखों पुराने दोपहिया और चारपहिया मालिक अभी भी तकनीकी अनिश्चितता में हैं...
अगर ऑटोमोबाइल कंपनियां स्वयं अलग-अलग समयसीमाएं बता रही हैं...
तो फिर इस बदलाव की रफ्तार इतनी तेज़ क्यों रखी जा रही है?
क्या देश पूरी तरह तैयार है?
या देश को तैयार मान लिया गया है?
दूसरा सवाल… जो सीधे आम मध्यमवर्ग से जुड़ा है.
भारत में कार खरीदना आज पहले से कहीं अधिक महंगा हो चुका है.
GST... रोड टैक्स... रजिस्ट्रेशन... बीमा... फास्टैग... सर्विसिंग... स्पेयर पार्ट्स...
और अब नई उत्सर्जन तकनीकों की लागत.
एक कार केवल खरीदने की वस्तु नहीं रही.
यह एक लम्बे समय की कमिटमेंट बन गई है. ऐसे में करोड़ों वाहन मालिक पूछ रहे हैं—
अगर हमारी गाड़ी E20 के लिए पूरी तरह उपयुक्त नहीं है...
तो संभावित रखरखाव का अतिरिक्त बोझ कौन उठाएगा?
अगर माइलेज प्रभावित होता है...
अगर इंजन के कुछ पुर्जों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है...
अगर निर्माता अलग-अलग सलाह दे रहे हैं...
तो स्पष्ट जवाब कौन देगा?
तीसरा सवाल किसानों का है. सरकार का दावा है कि एथेनॉल किसानों की आय बढ़ाएगा.
लेकिन कृषि विशेषज्ञों का एक वर्ग पूछ रहा है—
क्या इससे गन्ने और मक्का जैसी फसलों पर अत्यधिक निर्भरता बढ़ेगी?
क्या जल संकट वाले क्षेत्रों में गन्ने का विस्तार पर्यावरण पर दबाव बढ़ाएगा?
क्या खाद्यान्न, पशु चारा और कृषि संतुलन पर इसका लॉन्ग-टर्म असर पड़ेगा?
इन सवालों का उत्तर केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस से नहीं...
विश्वसनीय और सार्वजनिक डेटा से देना होगा.
और फिर आता है चौथा सवाल...
जो शायद सबसे राजनीतिक है.
क्या भारत की ऊर्जा नीति का लाभ व्यापक समाज तक समान रूप से पहुंचेगा...
या उसका सबसे बड़ा आर्थिक लाभ कुछ चुनिंदा उद्योग समूहों, डिस्टिलरी नेटवर्क, ऑटोमोबाइल कंपनियों और संगठित व्यावसायिक हितों तक सीमित रहेगा?
यही कारण है कि E20 अब केवल ईंधन का विषय नहीं रह गया है...
यह पारदर्शिता का प्रश्न बनता जा रहा है.
विश्वास का प्रश्न बनता जा रहा है.
और अगर सरकार इन सवालों पर समय रहते व्यापक संवाद नहीं करती...
तो संभव है कि कल छात्र शिक्षा को लेकर सड़क पर हों...
किसान MSP को लेकर बॉर्डर पर हों...
और वाहन मालिक, उपभोक्ता संगठन तथा किसान संगठन E20 को लेकर एक नए राष्ट्रीय विमर्श की शुरुआत करें.
क्योंकि लोकतंत्र में विरोध हमेशा किसी नीति से नहीं जन्म लेता.
कई बार विरोध उस भावना से जन्म लेता है... कि फैसले जनता के लिए हुए हैं, लेकिन जनता से पूछकर नहीं हुए.
मोदी सरकार की सबसे बड़ी चुनौती
सरकार के सामने आज केवल प्रदर्शन नहीं है.
सरकार के सामने तीन समानांतर नैरेटिव हैं.
पहला—
युवा कह रहा है—हमारा भविष्य सुरक्षित करो.
दूसरा—
किसान कह रहा है—हमारी आजीविका सुरक्षित करो.
तीसरा—
विपक्ष कह रहा है—सरकार जवाबदेह बने.
जब तीन अलग-अलग आवाज़ें एक ही समय पर सरकार की ओर मुड़ती हैं...
तब चुनौती प्रशासनिक नहीं रहती.
राजनीतिक हो जाती है.
और अब असली परीक्षा
लोकतंत्र में सरकारें केवल विरोध से नहीं घिरतीं.
वे तब घिरती हैं...
जब अलग-अलग असंतोष एक साझा कहानी बन जाते हैं.
20 जुलाई ने शायद वही कहानी लिखनी शुरू कर दी है.
अगर सरकार संवाद बढ़ाती है...
तो यह एक कठिन दिन भर रह जाएगा.
लेकिन अगर संवाद की जगह केवल टकराव दिखाई देता रहा...
तो मौजूदा मानसून सत्र का पहला दिन यानी की 20 जुलाई भविष्य में एक तारीख नहीं...
एक प्रतीक बन सकता है.
अंत में...
इतिहास में सरकारें हमेशा विपक्ष से नहीं हारीं.
कई बार वे अपने विरोधियों से भी नहीं हारीं.
वे तब हारीं...
जब अलग-अलग शिकायतें एक-दूसरे से मिलने लगीं.
जब छात्र ने किसान की बात सुननी शुरू की.
जब किसान ने युवाओं का दर्द अपना माना.
और जब विपक्ष ने दोनों की आवाज़ को राजनीतिक भाषा दे दी.
20 जुलाई शायद उसी संगम का पहला दिन था.
अब देखना यह नहीं है कि अगला प्रदर्शन कहां होगा.
देखना यह है कि...
सरकार अगला संवाद कहां से शुरू करेगी.
क्योंकि लोकतंत्र में सबसे खतरनाक शोर वह नहीं होता जो सड़क पर सुनाई देता है.
सबसे खतरनाक शोर वह होता है...
जो चुप रहने वाले लोग अपने मन में जमा करना शुरू कर देते हैं.
यह भी पढ़ें : Prashant Kishor : दूसरों की सरकार बनाने वाले PK, बांकीपुर उपचुनाव में क्या साबित करना चाहते हैं?
