BRICS Summit 2026: भारत-चीन के बीच दूरियां होंगी कम? मोदी-शी जिनपिंग ने सीमा पर शांति और BRICS सहयोग बढ़ाने पर दिया जोर

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने BRICS देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया है. उन्होंने कहा कि भारत और चीन मिलकर BRICS को नई ताकत दे सकते हैं और वैश्विक स्तर पर सकारात्मक ऊर्जा ला सकते हैं. दोनों देशों की दुनिया के भविष्य में बड़ी जिम्मेदारी है.

भारत और चीन के रिश्तों को लेकर नई दिल्ली में हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात अहम मानी जा रही है. बैठक में दोनों देशों ने रिश्तों को रणनीतिक और दीर्घकालिक नजरिए से आगे बढ़ाने पर जोर दिया. वहीं, सीमा पर शांति बनाए रखने और BRICS के भीतर सहयोग बढ़ाने को लेकर भी दोनों पक्षों ने महत्वपूर्ण बातें रखीं.

Reuters के मुताबिक, शी जिनपिंग ने कहा कि चीन और भारत एक-दूसरे की ताकत से सीख सकते हैं और एकसाथ विकास कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि चीन भारत के साथ अपने संबंधों को रणनीतिक और दीर्घकालिक नजरिए से देखता है. शी ने भारत और चीन से BRICS के भीतर सहयोग को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने की अपील भी की.

शी बोले- भारत और चीन की बड़ी जिम्मेदारी

शी जिनपिंग ने कहा कि दुनिया के दो सबसे अधिक आबादी वाले देशों और ग्लोबल साउथ के महत्वपूर्ण सदस्यों के तौर पर भारत और चीन की बड़ी जिम्मेदारी है. उन्होंने दोनों देशों से मानवता के भविष्य और अपने लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए BRICS के व्यापक ढांचे में उच्च गुणवत्ता वाले सहयोग को आगे बढ़ाने की बात कही.

शी ने समान और व्यवस्थित बहुध्रुवीय दुनिया (Multipolar World) और समावेशी, पारस्परिक लाभ वाली वैश्विक आर्थिक व्यवस्था की वकालत की. उनके मुताबिक, भारत और चीन को मिलकर दुनिया में शांति, स्थिरता, विकास और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए.

ये भी पढ़ें: BRICS Summit: शी जिनपिंग बोले- ग्लोबल साउथ का एक प्रमुख समूह है ब्रिक्स, मध्य-पूर्व संकट में शांतिदूत की भूमिका निभाने की अपील

मोदी ने कहा- मतभेद विवाद में नहीं बदलने चाहिए

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, मोदी और शी ने अगस्त 2025 में तियानजिन में हुई पिछली मुलाकात के बाद द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति का स्वागत किया. दोनों नेताओं ने माना कि मतभेदों को विवाद में नहीं बदलना चाहिए और रिश्तों को रणनीतिक तथा दीर्घकालिक नजरिए से आगे बढ़ाना चाहिए.

PM मोदी ने कहा कि भारत-चीन संबंध आपसी सम्मान, आपसी संवेदनशीलता और आपसी हित से निर्देशित होने चाहिए. उन्होंने सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता को दोनों देशों के रिश्तों के लिए जरूरी बताया और मौजूदा सीमा समझौतों व आपसी सहमतियों का पालन करने पर जोर दिया.

ये भी पढ़ें: मोंदी-पुतिन-शी जिनपिंग ने थामा एक-दूसरे का हाथ, BRICS की इस तस्वीर ने खींचा दुनिया का ध्यान

दोनों देशों ने सीमा विवाद के निष्पक्ष, उचित और दोनों पक्षों को स्वीकार्य समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता भी दोहराई. Reuters की रिपोर्ट के अनुसार, 2020 के सीमा संघर्ष के बाद दोनों देशों के बीच रिश्तों में तनाव रहा है, हालांकि हाल के वर्षों में सैन्य तनाव कम करने और द्विपक्षीय संबंधों को स्थिर करने की कोशिशें हुई हैं.

ऐसे में मोदी-शी की यह बैठक भारत-चीन रिश्तों में संवाद और सहयोग बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम के तौर पर देखी जा रही है, हालांकि सीमा और रणनीतिक मुद्दों पर दोनों देशों के बीच अभी भी चुनौतियां बनी हुई हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक कुमार गुप्ता

दीपक कुमार गुप्ता 'प्रभात खबर डिजिटल' में कंटेंट राइटर हैं. इससे पहले वे 'ईटीवी भारत' में करीब ढाई साल तक कार्यरत रहे. इन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पत्रकारिता की पढ़ाई की है. 2021 से वे पत्रकारिता से जुड़े हैं और इस दौरान 'न्यूज प्लस', 'अंतर्कथा विजन न्यूज' और 'पब्लिक ऐप' के साथ भी काम कर चुके हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >