Tejas Crash : क्रैश में शहीद नमांश स्याल की शादी 2014 में हुई थी, एक बेटी भी है, देखें Video

Tejas Crash : दुबई एयरशो के दौरान भारतीय वायुसेना का लड़ाकू विमान तेजस दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में पायलट नमांश स्याल की मौत हो गई. इसका वीडियो सामने आया है जो काफी भयावह है. नमांश स्याल की शादी 2014 में हुई थी.

Tejas Crash : भारतीय वायुसेना का तेजस लड़ाकू विमान शुक्रवार को दुबई एयरशो के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट की मौत हो गई. इस घटना की जानकारी आईएएफ की ओर से दी गई है. पिछले दो वर्षों में स्वदेशी तेजस विमान से जुड़ी यह दूसरी दुर्घटना है. हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विमान के गिरते हुए नजर आ रहा है. यह घटना एयरशो के दौरान मौजूद लोगों के लिए भी बेहद चौंकाने वाली रही.

शादी 2014 में हुई थी विंग कमांडर नमांश स्याल की

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पायलट की पहचान विंग कमांडर नमांश स्याल के रूप में हुई है. उनकी उम्र 35 साल के आसपास थी और वह हिमाचल प्रदेश के रहने वाले थे. मृत पायलट के चाचा जोगिंदर नाथ ने कहा कि मुझे दोपहर करीब 3 बजे भाई का फोन आया और उन्होंने हादसे की जानकारी दी. वह मेरे भाई का बेटा था. उसकी शादी 2014 में हुई थी और उसकी एक बेटी है. एक शख्स रमेश कुमार ने कहा कि वह मेरे साले थे. उन्हें प्रमोशन मिलने वाला था. 34 साल की उम्र में वे स्क्वाड्रन लीडर थे. वे बहुत सरल और विनम्र व्यक्ति थे. पूरा गांव दुखी है.

दुर्घटना के वीडियो फुटेज में विमान को अचानक ऊंचाई से गिरते और फिर आग के एक गोले में बदलते देखा जा सकता है. दुबई वर्ल्ड सेंट्रल स्थित अल मकतूम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के ऊपर काला धुआं छा गया. इसके बाद डर से दर्शक बड़ी संख्या में बाड़बंद हवाई पट्टी के पीछे एक बड़े से स्टैंड एरिया में जमा हो गए.

भारतीय वायुसेना ने हादसे पर क्या कहा?

शुक्रवार को एयरशो में हवाई प्रदर्शन के दौरान उड़ान भरते समय विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. भारतीय वायुसेना ने ‘एक्स’ पर एक बयान में कहा कि दुबई एयर शो में हवाई प्रदर्शन के दौरान भारतीय वायुसेना के तेजस विमान का हादसा हो गया. इस दुर्घटना में पायलट को गंभीर चोटें आईं, जिनसे उनकी मौत हो गई. वायुसेना ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवार के साथ अपनी संवेदनाएं जताई हैं. हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी का गठन किया जा रहा है. विमान बनाने वाली सरकारी एयरोस्पेस कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने कहा कि वह साहसी भारतीय पायलट की जान जाने से बहुत दुखी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >