Weather Forecast : मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि 25 से 30 जुलाई के बीच छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में कई इलाकों में लगातार बारिश होने की संभावना है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 25 जुलाई को भारी बारिश होगी, जबकि 26 से 30 जुलाई के बीच कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है.
बंगाल में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल के हिमालय की तराई में स्थित जिलों में 28 जुलाई से लगातार तीन दिनों तक एक बार फिर भारी बारिश होने का अनुमान है. विभाग के अनुसार, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में 26 जुलाई को बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है. कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, झारग्राम और बांकुड़ा जिलों में 26 जुलाई तक भारी बारिश होने का अनुमान है. दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार, कालिम्पोंग और जलपाईगुड़ी जैसे पहाड़ी जिलों में 28 जुलाई से लगातार तीन दिनों तक भारी बारिश होने की आशंका है.
राजस्थान में बारिश का दौर जारी
राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक बारिश होती रहेगी. 25 जुलाई को दक्षिण-पश्चिम और दक्षिणी राजस्थान के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
दिल्ली का कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में 25 से 27 जुलाई के दौरान मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश या फुहारें पड़ सकती हैं. इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
यूपी का मौसम कैसा रहेगा?
उत्तर प्रदेश में 25 जुलाई को मौसम मिला-जुला रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी, मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, अमरोहा, बदायूं, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, फतेहपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र समेत कई जिलों में बारिश के आसार हैं, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है.
बिहार का मौसम कैसा रहेगा ?
बिहार में 25 जुलाई को अधिकांश जिलों में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के लगभग सभी हिस्सों में वर्षा हो सकती है. पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, पटना, भोजपुर, रोहतास, गया, नवादा, नालंदा सहित दक्षिण-पश्चिमी जिलों में बारिश की संभावना अपेक्षाकृत अधिक रहेगी. वहीं मिथिलांचल, सीमांचल और कोसी क्षेत्र के जिलों—दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर और आसपास के इलाकों में भी हल्की बारिश के आसार हैं.
मौसम विभाग का पूरा प्रेस रिलीज देखने के लिए क्लिक करें.
झारखंड का मौसम कैसा रहेगा?
झारखंड में 25 से 28 जुलाई के दौरान मौसम सामान्य से आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के लगभग सभी हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवा भी चल सकती है.
