Weather Forecast : मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि 21 जुलाई और 25-26 जुलाई के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. वहीं, 25-26 जुलाई को विदर्भ के कुछ हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा, 22 से 24 जुलाई के बीच पश्चिमी मध्य प्रदेश, 21 से 26 जुलाई तक पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है.
झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग रांची ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में 21 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है. 21 जुलाई को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार जिले में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. 22 से 25 जुलाई के बीच भी राज्य में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है.
बिहार में बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 21 जुलाई सुबह 8:30 बजे से 22 जुलाई सुबह 8:30 बजे तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. पश्चिमी और मध्य बिहार के लगभग सभी जिलों में मूसलाधार बारिश हो सकती है. वहीं पूर्वी बिहार के जिलों, जैसे सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, बांका और भागलपुर में भी कई जगह हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है.
यूपी में भारी बारिश का अलर्ट
मंगलवार (21 जुलाई) को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने की वजह से प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर बना रहेगा. कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसे देखते हुए आईएमडी ने 21 से 25 जुलाई तक दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
आईएमडी के अनुसार, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और जालौन समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.
मौसम विभाग का पूरा प्रेस रिलीज पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
राजस्थान में इस सप्ताह फिर से शुरू हो सकती है बारिश
राजस्थान में इस सप्ताह बारिश फिर रफ्तार पकड़ने वाली है. मौसम विभाग के अनुसार, 21 जुलाई से कोटा, भरतपुर, जयपुर और अजमेर संभाग के कई इलाकों में बारिश बढ़ सकती है. इसके बाद 22 और 23 जुलाई से कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के और अधिक क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है. वहीं, 22 से 28 जुलाई के बीच पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी मानसून सक्रिय रहेगा और कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.
दिल्ली का कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 21 और 22 जुलाई को दिल्ली में आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा. इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में एक-दो बार तेज बारिश भी हो सकती है. बारिश की वजह से अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
