International Tiger Day 2026 : भारत के वे टाइगर रिजर्व, जहां रहते हैं सबसे अधिक बाघ

भारत में दुनिया की सबसे बड़ी बाघ आबादी रहती है. देश के 18 राज्यों में कुल 58 टाइगर रिजर्व हैं, जो बाघों को सुरक्षित आवास प्रदान करते हैं. भारत में वर्ष 1973 में शुरू किये गये बाघ संरक्षण कार्यक्रम 'प्रोजेक्ट टाइगर' ने यहां बाघों की आबादी बढ़ाने में अहम भूमिका निभायी है.

आज, 29 जुलाई को जब दुनिया भर में अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस मनाया जा रहा है, बाघों की सबसे अधिक आबादी वाले देश भारत में इस दिन को मनाने के लिए अपने-अपने तरीके से कार्यक्रम आयोजित किये गये. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया- 'वैश्विक बाघ दिवस पर सभी वन्यजीव प्रेमियों को हार्दिक शुभकामनाएं. भारत के लोग इस बात पर गर्व करते हैं कि वैश्विक बाघों की लगभग 70 प्रतिशत आबादी हमारे देश में निवास करती है.' वहीं कोलकाता में अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के इस अवसर पर वन्यजीव संरक्षण का संदेश देने के लिए दो पारंपरिक पीली-काली टैक्सियों को 'टाइगर टैक्सी' के रूप में उतारा गया है. अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस 2026 की थीम है- 'सहअस्तित्व को क्रियान्वित करना: लोगों और बाघों के लिए समाधानों का विस्तार.' बीता दशक बाघों के संरक्षण के लिहाज से बेहद सफल रहा है और एशिया के कुछ इलाकों में बाघों की संख्या में इजाफा हुआ है.

भारत में हैं 58 बाघ अभयारण्य

भारत, जहां दुनिया भर के कुल जंगली बाघों की लगभग 70 से 75 प्रतिशत आबादी रहती है, में कुल 574 वन्यजीव अभयारण्य और 58 बाघ अभयारण्य (Tiger Reserves) हैं. भारत सरकार की ओर से बाघों के संरक्षण के लिए 'प्रोजेक्ट टाइगर' और 'राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण' का संचालन किया जाता है. ऑल इंडिया टाइगर एस्टीमेशन (2022) के अनुसार भारत में बाघों की कुल संख्या 3,682 हो गयी है. वर्ष 2006 के बाद से वैज्ञानिक तरीकों से दर्ज की गयी बाघों की संख्या भारत में दोगुनी से भी अधिक हो चुकी है. भारत ने बाघ संरक्षण के लिए वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बीते दशक में लगातार मजबूत की है.

यहां रहते हैं सबसे अधिक बाघ

राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) की रिपोर्ट (2023) के अनुसार, 'प्रोजेक्ट टाइगर' ने 18 बाघ-रेंज वाले राज्यों में 58 बाघ अभयारण्य का एक नेटवर्क स्थापित किया है. ये अभयारण्य लगभग 84,500 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को कवर करते हैं, जो भारत के भौगोलिक क्षेत्रफल का लगभग 2.56 प्रतिशत है. उत्तराखंड का जिम कॉर्बेट देश का पहला राष्ट्रीय उद्यान होने के साथ-साथ किसी भी सिंगल रिजर्व के भीतर बाघों की सबसे अधिक संख्या 260 बाघ वाला अभयारण्य है. राज्यों के स्तर पर मध्य प्रदेश सबसे अधिक 785 बाघों के साथ देश में बाघ आबादी वाले राज्य के लिहाज से पहले स्थान पर है. इसके बाद कर्नाटक 563 और उत्तराखंड 560 बाघ आबादी के साथ दूसरे या तीसरे स्थान पर हैं.

ऑल इंडिया टाइगर एस्टीमेशन के अनुसार, भारत में सबसे अधिक बाघ आबादी वाले पांच मुख्य बाघ अभयारण्य हैं-

टाइगर रिजर्व राज्य अनुमानित बाघ आबादी

जिम कॉर्बेट टाइगर रिजर्व, उत्तराखंड - 260

बांदीपुर टाइगर रिजर्व, कर्नाटक -150

नागरहोल टाइगर रिजर्व, कर्नाटक - 141

बांधवगढ़ /दुधवा टाइगर रिजर्व, एमपी / यूपी -135 (प्रत्येक)

मुदुमलाई टाइगर रिजर्व, तमिलनाडु -114


यह भी पढ़ें :फास्ट ट्रैक कोर्ट : कितनी तेज है न्याय की रफ्तार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Singh Parihar

Senior Copywriter, 15 years experience in journalism. Have a good experience in Hindi Literature, Education, Travel & Lifestyle...
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >