Tamil Nadu Government Formation: तमिलनाडु में टीवीके के सरकार गठन पर फिर सस्पेंस गहरा गया है. फिलहाल शपथ ग्रहण पर ‘ग्रहण’ लगता नजर आ रहा है. विजय को समर्थन देने से विदुथालाई चिरुथैगल कच्ची (वीसीके) ने शनिवार तक के लिए टाल दिया है. वहीं, टीवीके को समर्थन देने से IUML ने भी मना कर दिया है. पार्टी नेता एएम शाहजहां ने कहा- हमने किसी का समर्थन नहीं किया. मैंने किसी को कोई पत्र नहीं दिया. यह महज़ एक अफवाह है. हम डीएमके के नेतृत्व में गठबंधन जारी रख रहे हैं.
संख्या बल से राज्यपाल ने नहीं जताई संतुष्टि
तमिलनाडु चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी टीवीके के अध्यक्ष चंद्रशेखर जोसफ विजय ने शुक्रवार को राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया. हालांकि राज्यपाल ने संख्या बल को लेकर अंतिम संतुष्टि नहीं जताई है. सूत्रों के मुताबिक विजय की यह मुलाकात संक्षिप्त रही. वह पहले ही सरकार गठन का दावा पेश कर चुके हैं, लेकिन अभी भी बहुमत को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. टीवीके समर्थकों को उम्मीद है कि उन्हें जल्द सरकार गठन का निमंत्रण मिलेगा, लेकिन राज्यपाल की ओर से अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं आया है.
वाम दलों का समर्थन, लेकिन बहुमत पर सवाल कायम
विजय की पार्टी को कांग्रेस के अलावा वामपंथी दलों सीपीआई (Communist Party of India) सीपीएम (Communist Party of India, Marxist) और विदुथालाई चिरुथैगल कच्ची (VCK) ने टीवीके को समर्थन देने की बात कही है. लेकिन 118 के बहुमत आंकड़े को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है. भाकपा और माकपा ने टीवीके को समर्थन देने की घोषणा की है, जबकि वीसीके ने अभी अंतिम निर्णय को शनिवार तक के लिए टाल दिया है.
