नीट पेपर लीक: सुप्रीम कोर्ट ने कहा- कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद सबक नहीं लिया गया

नीट पेपर लीक मामले में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार, एनटीए और सीबीआई से जवाब मांगा है. कोर्ट में ऐसी याचिकाएं दायर हुई हैं, जिनमें परीक्षा कराने के लिए एनटीए की जगह ज्यादा मजबूत और स्वतंत्र संस्था बनाने की मांग की गई है.

सुप्रीम कोर्ट ने एनटीए के खिलाफ याचिका पर कहा कि यह दुखद है कि कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद नीट पेपर लीक से सबक नहीं लिया गया. कोर्ट ने एनटीए से कहा है कि वह 2024 नीट पेपर लीक मामले में अदालत की निगरानी समिति द्वारा दिए गए सुझावों पर क्या कार्रवाई हुई, इसकी जानकारी हलफनामे के जरिए दे. कोर्ट यह जानना चाहता है कि परीक्षा प्रणाली सुधारने के लिए सुझाए गए निर्देशों का पालन कितना हुआ है.

न्यायमूर्ति पी.एस. नरसिम्हा और न्यायमूर्ति आलोक आराधे की पीठ ने निर्देश दिया कि याचिकाओं की प्रति अन्य पक्षों के अलावा सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता को भी दी जाए. पीठ ने कहा कि यह दुखद है कि उन्होंने सबक नहीं सीखा है. यह मामला पहले भी इस कोर्ट में आया था. एक समिति, एक निगरानी समिति गठित की गई थी जिसने कुछ सिफारिशें की थीं और उन्हें स्वीकार कर लिया गया था. हम चाहते हैं कि एनटीए समिति द्वारा सुझाई गई सिफारिशों के अनुपालन के लिए उठाए गए कदमों पर एक हलफनामा दाखिल करे.

यह भी पढ़ें : Re NEET का पेपर भी लीक कर देंगे… कैब इन्फ्लुएंसर से स्टूडेंट ने बताया पूरा स्कैम

सुप्रीम कोर्ट ने FIMA की याचिका पर NTA को नोटिस जारी किया है. यह याचिका वकील तन्वी दुबे के जरिए दायर की गई थी. कोर्ट ने कहा कि इस मामले से जुड़ी सभी समान याचिकाओं को साथ में सुना जाएगा. साथ ही, इसरो के पूर्व प्रमुख के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली समिति को निर्देश दिया गया है कि वह NTA में सुधार और कोर्ट के निर्देशों के पालन के लिए उठाए गए कदमों की पूरी जानकारी दे.

याचिका में मांग की गई है कि जब तक दोबारा परीक्षा की निगरानी के लिए नई समिति नहीं बनती, तब तक सुप्रीम कोर्ट एक हाई लेवल मॉनिटरिंग कमेटी नियुक्त करे. इसमें सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ और फोरेंसिक वैज्ञानिक शामिल हों, ताकि आगे पेपर लीक या डेटा लीक जैसी घटनाओं को रोका जा सके.

एनटीए द्वारा तीन मई को आयोजित नीट-यूजी की परीक्षा में पेपर लीक के आरोपों के बीच इसे 12 मई को रद्द कर दिया गया था, जिसकी जांच अब सीबीआई कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amitabh kumar

डिजिटल जर्नलिज्म में 14 वर्षों से अधिक का अनुभव है. करियर की शुरुआत Prabhatkhabar.com से की. राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर अच्छी पकड़ है. राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहन लेखन का अनुभव रहा है. तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन में विशेष रुचि है. ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग खबरों पर लगातार फोकस रहता है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >