मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर के नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के दौरान अचानक बढ़ी भीड़ के बीच कई श्रद्धालु गिर पड़े और कुछ लोग बैरिकेड के नीचे दब गए. हादसे में 13 लोग बेहोश हो गए और कुछ के घायल होने की खबर है. अस्पताल में भर्ती एक घायल की मां मीनू ने बताया कि घटना हरसिद्धि चौराहे के पास हुई. उनका बेटा नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए जा रहा था, तभी वह बैरिकेड के नीचे आ गया. मीनू के अनुसार, उस समय मौके पर किसी ने उसकी मदद नहीं की. बाद में एक व्यक्ति उसे उठाकर अस्पताल ले गया.
उज्जैन के एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि दो लोगों ने जी मिचलाने की शिकायत की थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ये भी पढ़ें: अशोकधाम मंदिर हादसा: लखीसराय में 7 महिलाओं की मौत, करंट नहीं इस वजह से हुई दुर्घटना, DM-ADM ने की पुष्टि
करंट की अफवाह के बाद मची भगदड़
शुरुआती जानकारी के अनुसार, सोमवार (17 अगस्त) को नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे. इसी दौरान हरसिद्धि चौराहे के पास बैरिकेड में करंट आने की अफवाह फैल गई. इससे लोगों में अचानक डर फैल गया और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. भीड़ के दबाव में बैरिकेड टूट गए और कई श्रद्धालु गिरकर घायल हो गए. इसके बाद बड़ा गणेश मंदिर, नीलकंठ चौराहा और कर्कराज पार्किंग से हरसिद्धि प्रवेश द्वार तक भी अफरा-तफरी की स्थिति रही. घायलों को इलाज के लिए चरक अस्पताल ले जाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला. अधिकारियों के पहुंचने के बाद हालात पर काबू पाया गया और व्यवस्था सामान्य कराई गई.
