सीमा हैदर हुईं बीमार, खटखटाया राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दरवाजा

याचिका ऐसे वक्त आई है जब नोएडा पुलिस भारत में उसके अवैध प्रवास के मामले की जांच कर रही है, जबकि उत्तर प्रदेश पुलिस के आतंकवाद रोधी दस्ते ने इस सप्ताह की शुरुआत में सीमा-सचिन से दो दिन तक पूछताछ की थी. सीमा ने कहा है कि वह पाकिस्तान वापस नहीं जाना चाहती और सचिन के साथ रहना चाहती है.

सीमा हैदर का मामला पूरे देश में सुर्खियां बटोर रहा है. इस बीच बिना वीजा के मई में भारत में प्रवेश करने वाली पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पास दया याचिका दायर कर अनुरोध किया है कि उसे अपने चार बच्चों के साथ ग्रेटर नोएडा में अपने साथी सचिन मीणा के साथ रहने की अनुमति दी जाए.

सुप्रीम कोर्ट के वकील ए पी सिंह द्वारा सीमा की ओर से दायर याचिका शुक्रवार को राष्ट्रपति सचिवालय को प्राप्त हुई. याचिका में सीमा हैदर, जिनकी उम्र 30 साल है, उन्होंने ने कहा है कि वह ग्रेटर नोएडा में रहने वाले सचिन (22) से प्यार करती है और वह उसके साथ रहने के लिए भारत आयी. पाकिस्तानी नागरिक का दावा है कि उसने हिंदू धर्म अपना लिया है और नेपाल के काठमांडू में पशुपतिनाथ मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार मीणा से शादी कर ली है.

पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर ने कहा है कि माननीय मैडम, याचिकाकर्ता को एक प्यारे पति के रूप में सचिन मीणा, पिता समान ससुर, मां के समान सास के साथ शांति, प्यार और खुशी मिली है जो याचिकाकर्ता को पहले कभी नहीं मिली थी. याचिकाकर्ता आपसे अनुरोध करती है कि आप उस पर विश्वास करें और एक ऐसी महिला के प्रति दया दिखाएं, जो उच्च शिक्षित नहीं है.

पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर ने याचिका में कहा है कि यदि आप दया दिखाती हैं तो याचिकाकर्ता अपना शेष जीवन अपने पति, चार नाबालिग बच्चों और ससुराल के रिश्तेदारों के साथ बिताएगी. याचिकाकर्ता आभारी होगी कि आपने उसे मौका दिया और आप उसकी ताकत तथा समर्थन का स्रोत बन सकती हैं. याचिकाकर्ता अंततः भारत में सम्मान के साथ जीवन जीने में सक्षम होगी.

इस बीच, शनिवार को एक वीडियो सामने आया, जिसमें पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर बीमार दिख रही है और ‘‘ग्लूकोज ड्रिप’’ ले रही है. आमतौर पर निर्जलीकरण या निम्न रक्त शर्करा के स्तर से पीड़ित व्यक्तियों को ‘‘ग्लूकोज ड्रिप’’ दी जाती है. पाकिस्तान के सिंध प्रांत की रहने वाली सीमा का कहना है कि वह 2019-20 में ऑनलाइन गेम पबजी खेलते समय सचिन के संपर्क में आई और दोनों के बीच व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम पर बातचीत होने लगी.

पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर 13 मई को नेपाल के रास्ते एक बस में अपने चार बच्चों के साथ अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थी. उसका कहना है कि वह ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा इलाके में रहने वाले सचिन के साथ रहने आयी थी. चार जुलाई को स्थानीय पुलिस ने सीमा को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया था और मीणा को अवैध अप्रवासियों को शरण देने के लिए गिरफ्तार किया गया था. हालांकि, उन दोनों को सात जुलाई को एक स्थानीय अदालत ने जमानत दे दी थी और वे अपने चार बच्चों के साथ रबूपुरा के एक घर में रह रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >