Rohini Building Collapsed: दिल्ली के रोहिणी इलाके में बुधवार (8 जुलाई) शाम एक तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह गई. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 5 से 6 अन्य लोगों के अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया. पुलिस के मुताबिक हादसा रोहिणी सेक्टर-16 में एक एमसीडी स्कूल के पास हुआ. शुरुआती बचाव अभियान के दौरान मलबे से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. वहीं, एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है. राहतकर्मी अब भी मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं.
कई एजेंसियां बचाव अभियान में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दिल्ली अग्निशमन सेवा, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और अन्य आपातकालीन एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं. सभी टीमें संयुक्त रूप से राहत और बचाव अभियान चला रही हैं. अधिकारियों ने बताया कि अभी यह साफ नहीं हो पाया है इमारत भारी बारिश के कारण गिरी या हादसे के पीछे कोई अन्य वजह है. मामले की जांच की जा रही है.
मदद के लिए आगे आए स्थानीय निवासी
इमारत ढहने की आवाज सुनकर आसपास लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मलबे से लोगों को निकालने का काम शुरू किया. विशेष बचाव टीमों के पहुंचने से पहले, स्थानीय लोगों ने फंसे हुए लोगों तक पहुंचने की कोशिश में हाथों से ईंटों, कंक्रीट स्लैब और मुड़ी हुई लोहे की छड़ों को हटाना शुरू कर दिया. कुछ निवासियों ने मलबा हटाने के लिए मानव श्रृंखला बनाई, जबकि अन्य लोग पास के घरों और निर्माण स्थलों से फावड़े और अन्य उपकरण लाए.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जताई चिंता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे पर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तत्परता के साथ राहत और बचाव कार्य में जुटा है. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी प्रार्थना है कि सभी लोग सुरक्षित हों और अभियान जल्द से जल्द सफलतापूर्वक पूरा हो.
पार्षद बोले- पांच मंजिला इमारत गिरी, कुछ लोगों के दबे होने की आशंका
घटनास्थल पर पहुंचे पार्षद प्रदीप मित्तल ने बताया कि यह एक बड़ा हादसा है. उन्होंने कहा कि पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिर गई है और मलबे के नीचे कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है. फिलहाल राहत और बचाव कार्य प्राथमिकता है और प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ अभियान चला रहा है. प्रदीप मित्तल ने यह भी कहा कि हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.
