Rajasthan Local Body Elections: पहले चरण में बुधवार को जयपुर जिले के 18 नगर निकाय समेत राज्य के 162 नगर निकायों में मतदान होगा. मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा.
पार्षद के 5,393 पदों के लिए 20 हजार से अधिक उम्मीदवार चुनाव मैदान में
पहले चरण में पार्षद के 5,393 पदों के लिए 20 हजार से अधिक उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. जिन 162 नगर निकायों में बुधवार को मतदान होने जा रहे हैं उनमें चार नगर निगम, 27 नगर परिषद और 131 नगरपालिकाएं शामिल हैं. पहले चरण में शामिल चार नगर निगम अलवर, भरतपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा हैं. इस चरण में कुल 20,623 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं.
7,683 मतदान केंद्रों पर 57,52,278 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे
162 नगर निकायों में 7,683 मतदान केंद्रों पर 57,52,278 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे. जयपुर जिले में 18 नगर निकायों के लिए 565 केंद्रों पर मतदान होगा.
जयपुर में इन निकायों में होंगे चुनाव
जयपुर जिले में जिन निकायों में चुनाव हो रहे हैं, उनमें मनोहरपुर, फुलेरा, सांभर, किशनगढ़-रेनवाल, शाहपुरा, दूदू, चाकसू, फागी, जोबनेर, खेजरोली, जमवारामगढ़, वाटिका, कानोता, बस्सी, बगरू, कालाडेरा और चौमूं शामिल हैं.
14 सितंबर को आएंगे नतीजे
बुधवार को होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. मतदान दल मंगलवार को अपने-अपने मतदान केंद्रों का जिम्मा संभाल लेंगे. राज्य के सभी 309 नगरीय निकायों के चुनाव के लिए दो चरणों में नौ और 11 सितंबर को मतदान होगा, जबकि परिणाम 14 सितंबर को घोषित किए जाएंगे.
