Rain Warning: मौसम विभाग के अनुसार 7 और 8 मई के बीच उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है. इसके साथ गरज-चमक और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं पंजाब और पूर्वी राजस्थान में 7 मई को जबकि उत्तर प्रदेश में 7 मई को बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने बताया कि 10 से 12 मई के दौरान एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है. इसके असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है. वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 11 और 12 मई को बारिश और बर्फबारी की संभावना है. इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और झोंकों की गति 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 7 मई को असम और मेघालय में जबकि 7 और 8 मई तक नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 8 से 10 मई के दौरान असम और मेघालय में फिर से बारिश बढ़ने की संभावना है. इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
बिहार, झारखंड और बंगाल में आंधी-बारिश
पूर्वी भारत के कई राज्यों में भी मौसम खराब बना रहेगा. मौसम विभाग का अनुमान है कि 7 से 10 मई तक बिहार में और अगले सात दिनों तक झारखंड और ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका बनी रहेगी. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 7 से 9 मई तक कई इलाकों में बारिश का अनुमान है. वहीं गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 7, 8 और 10 मई को बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. मौसम विभाग ने 9 मई को गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है, जहां हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटा और झोंकों में 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
मध्य भारत में गरज-चमक और ओलावृष्टि
मध्य प्रदेश में 7 मई को बारिश और आंधी की संभावना है. इसके साथ बिजली चमकने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं. जबकि छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
दक्षिण भारत में जारी रहेगा बारिश का दौर
दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, रायलसीमा, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में अगले पांच दिनों तक बारिश हो सकती है. 9 और 10 मई को लक्षद्वीप में बारिश हो सकती है. इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल में अगले सात दिनों तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
Also Read: झारखंड में 12 मई तक छाए रहेंगे बादल, कहीं-कहीं बारिश और तेज हवा चलने के आसार
